
एशिया कप 2025 इस बार क्रिकेट फैंस के लिए रोमांच और नई उम्मीदें लेकर आ रहा है, क्योंकि पहली बार ओमान क्रिकेट टीम भी इस महाकुंभ में अपना दमखम दिखाने उतर रही है। साल 2015 में T20I में कदम रखने वाली यह टीम अब तक एशिया कप में अपने हुनर का प्रदर्शन नहीं कर पाई थी, लेकिन इस बार वह सबको चौंकाने को तैयार है। हालांकि टूर्नामेंट की मेजबानी भारत को मिली है, मैच न्यूट्रल वेन्यू UAE में खेले जाएंगे, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के लिहाज से सभी टीमों के लिए अहम परीक्षा होगी। इस बार के एशिया कप में कुल आठ टीमें भाग लेंगी: भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, UAE, हांग-कांग और ओमान। ग्रुप-ए में ओमान को रखा गया है, जहां वह भारत, पाकिस्तान और UAE जैसी बड़ी टीमों के सामने अपनी ताकत दिखाएगी। Asia Cup 2025
ओमान ने एसीसी मेन्स प्रीमियर कप में शानदार खेल दिखाया। इस दौरान उसने बहरीन, कम्बोडिया, UAE और कुवैत जैसी टीमों को मात दी और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में हांग-कांग को 5 विकेट से हराकर उसने फाइनल का टिकट कटा लिया। भले ही फाइनल में यूएई के खिलाफ 55 रन से हार हुई, लेकिन अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहने के कारण ओमान ने एशिया कप 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया। ओमान ने अब तक कुल 98 T20I मैच खेले हैं। इनमें 44 मैचों में जीत दर्ज की गई है, 51 में हार मिली है, 2 मुकाबले टाई रहे और एक मैच बिना परिणाम के समाप्त हुआ। साल 2015 में अपना पहला T20I मैच खेल चुकी यह टीम अब बड़े टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार है।
ओमान का एशिया कप 2025 में पहला मुकाबला 12 सितंबर को पाकिस्तान से होगा। इसके बाद 15 सितंबर को UAE और 16 सितंबर को भारत से टकराएगी। स्क्वाड का ऐलान भी कर दिया गया है, जिसमें जतिंदर सिंह को कप्तान बनाया गया है।
जतिंदर सिंह (कप्तान), हम्माद मिर्जा, विनायक शुक्ला (विकेटकीपर), सुफियान यूसुफ (विकेटकीपर), आशीष ओडेडेरा, आमिर कलीम, मोहम्मद नदीम, सुफियान महमूद, आर्यन बिष्ट, करण सोनावले, जिक्रिया इस्लाम, हसनैन अली शाह, फैसल शाह, मोहम्मद इमरान, नदीम खान, शकील अहमद, समय श्रीवास्तव Asia Cup 2025