
क्रिकेट और राजनीति का पुराना मिलन एक बार फिर सुर्खियों में छा गया है। महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 के दौरान पाकिस्तान की पूर्व कप्तान और कमेंटेटर सना मीर की टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तूफान ला दिया। कोलंबो, श्रीलंका में पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच खेले गए मैच में सना मीर ने पाकिस्तानी खिलाड़ी नतालिया परवेज का परिचय देते हुए कहा कि वह "आज़ाद कश्मीर" से हैं और ज्यादातर क्रिकेट लाहौर में खेलती हैं। ICC Women's Cricket World Cup 2025
इस टिप्पणी के बाद भारत में प्रतिक्रिया तीखी और तेज थी। सोशल मीडिया यूजर्स ने आईसीसी से सना मीर को कमेंट्री पैनल से हटाने की मांग उठाई और इसे खेल में राजनीति घुसाने वाला कदम करार दिया। भारत सरकार बार-बार इस बात पर स्पष्ट रही है कि जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा हैं, और पीओके पर पाकिस्तान का कब्ज़ा अवैध है। इस टिप्पणी ने न केवल खेल के मैदान पर, बल्कि भारत-पाकिस्तान के संवेदनशील संबंधों पर भी सवाल खड़ा कर दिया।
सना मीर की टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर तूफ़ान ला दिया। कई यूजर्स ने उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की और इसे केवल ‘जुबान फिसलना’ नहीं मानने की बात कही। एक यूजर ने लिखा कि "पहले उन्होंने कश्मीर कहा, फिर खुद को सुधारते हुए ‘आज़ाद कश्मीर’ कहा। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। सना मीर को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए। एक अन्य यूजर ने तीखी प्रतिक्रिया दी, "मैच के दौरान एक पाकिस्तानी कमेंटेटर द्वारा किसी खिलाड़ी को ‘आज़ाद कश्मीर से’ कहना चौंकाने वाला है। आईसीसी और बीसीसीआई क्या इसे स्वीकार करेंगे? और फिर पाकिस्तानी खुद कहते हैं, ‘राजनीति को खेल से दूर रखो’—यह साफ दोहरा मापदंड है।
विवाद बढ़ने के बाद पूर्व पाकिस्तानी कप्तान और कमेंटेटर सना मीर ने सार्वजनिक रूप से सफाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है और इस वजह से उन्हें सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देना पड़ा। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि खेल से जुड़ी बातों को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है और खेल जगत के लोगों पर अनावश्यक दबाव डाला जा रहा है।
सना मीर ने स्पष्ट किया कि उनका मकसद केवल खिलाड़ी नतालिया परवेज के संघर्ष और उपलब्धियों को उजागर करना था। उन्होंने कहा, "एक पाकिस्तानी खिलाड़ी के होमटाउन के बारे में मेरी टिप्पणी का उद्देश्य यह दिखाना था कि विशेष क्षेत्र से आने के कारण उसे किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा और उसका सफर कितना कठिन रहा। यह कहानी उस खिलाड़ी की मेहनत और साहस को समझाने का हिस्सा है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने अन्य क्षेत्रों के दो और खिलाड़ियों के बारे में भी ऐसा ही किया। कृपया इसे राजनीतिक मुद्दा न बनाएं। एक कमेंटेटर के तौर पर हमारा काम खेल, टीम और खिलाड़ियों पर ध्यान केंद्रित करना है और उनकी प्रेरक कहानियों को साझा करना है। मेरे इरादे में कोई दुर्भावना नहीं है।" सना मीर ने अपने बयान के समर्थन में ESPN की वेबसाइट का स्क्रीनशॉट भी साझा किया और लिखा कि वह अपने ज्यादातर खिलाड़ियों के बारे में इसी तरह शोध करती हैं, चाहे वे किसी भी देश से हों। उनका कहना था कि उनका उद्देश्य केवल खिलाड़ी की पृष्ठभूमि और संघर्ष को उजागर करना था, न कि किसी भावनात्मक या राजनीतिक विवाद को बढ़ावा देना। ICC Women's Cricket World Cup 2025