
14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले एशिया कप 2025 की स्पिन रणनीति चर्चा का मुख्य विषय बन गई है। पाकिस्तानी टीम ने इस बार मोहम्मद नवाज, अबरार अहमद और सूफियान मुकीम को स्पिन विभाग में शामिल किया है, जबकि भारत की टीम कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती जैसे अनुभवी रिस्ट और लेग स्पिनरों के साथ उतर रही है। पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने शुक्रवार को ओमान के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम की तैयारी का विवरण साझा किया और भारत के खिलाफ रणनीति को लेकर खुलकर बात की। हेसन ने कहा, भारत ने शानदार खेल दिखाया है और उनका आत्मविश्वास इस समय उच्चतम स्तर पर है। हमारी टीम हर दिन सुधार पर ध्यान दे रही है और हम चुनौती की गंभीरता को समझते हुए इस मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। Asia Cup 2025
पाकिस्तान के हेड कोच माइक हेसन ने स्पिन ऑलराउंडर मोहम्मद नवाज की जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी टीम में वापसी बेहद अहम रही है। हेसन ने बताया कि नवाज ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप में मौका न मिलने के बावजूद हाल ही में यूएई में हुई ट्राई-सीरीज फाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ हैट्रिक और पांच विकेट लेकर अपनी शानदार काबिलियत का प्रदर्शन किया। हेसन के मुताबिक, "नवाज इस समय फॉर्म के शिखर पर हैं और उनकी गेंदबाजी टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। अगर नवाज अच्छा खेलते हैं, तो भारत के लिए मुकाबला और भी चुनौतीपूर्ण हो जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेसन ने अपनी स्पिन लाइनअप पर भरोसा जताते हुए कहा, "हमारी सबसे बड़ी ताकत यही है कि हमारे पास पांच खतरनाक स्पिनर हैं। मोहम्मद नवाज इस समय दुनिया के बेहतरीन स्पिनरों में गिने जाते हैं। इसके अलावा अबरार अहमद और सूफियान मुकीम भी शानदार फॉर्म में हैं। सैम अयूब टॉप टेन ऑलराउंडर्स में शामिल हैं, जो गेंदबाजी और बैटिंग दोनों में टीम के लिए बड़ा बढ़त हैं। वहीं सलमान अली आगा हमारी टेस्ट टीम के प्रमुख स्पिनर हैं, जिनकी मौजूदगी हमें और मजबूती देती है। इस लाइनअप के साथ हम किसी भी टीम को चुनौती देने में सक्षम हैं।
हेसन ने यह भी स्पष्ट किया कि दुबई की पिच शारजाह के मुकाबले उतनी स्पिन नहीं देगी। उन्होंने कहा, "जब कुलदीप यादव ने UAE में गेंदबाजी की थी, तब पिच ने ज्यादा स्पिन नहीं दी थी। लेकिन जब टीम में ऐसे अनुभवी रिस्ट स्पिनर मौजूद हों, तो पिच की अहमियत कम हो जाती है।" दुबई में पहले पाकिस्तान और ओमान आमने-सामने होंगे, लेकिन क्रिकेट की दुनिया की निगाहें पहले से ही 14 सितंबर के भारत-पाकिस्तान महामुकाबले पर टिकी हैं। भारत ने अपनी ताकत पहले ही दिखा दी है, और पाकिस्तान भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरने को तैयार है। इस मुकाबले को लेकर रोमांच पहले से ही चरम पर है और क्रिकेट फैंस बेसब्री से इस टक्कर का इंतजार कर रहे हैं। Asia Cup 2025