एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पैरा एथलीट नीरज यादव मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास बेहोश मिले थे। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Sports News : एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीत चुके पैरा एथलीट नीरज यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार रात वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास बेहोशी की हालत में मिले थे। उन्हें गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल और कार से सल्फास की गोलियां मिली हैं। मामले की जांच जारी है और मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।
पुलिस के अनुसार, नीरज यादव की दिसंबर 2025 से एक महिला से दोस्ती थी। महिला मंगलवार को उनसे मिलने हरियाणा के सोनीपत गई थी। पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच कुछ अनबन चल रही थी। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सोनीपत से लौटने के बाद नीरज ने महिला को मौजपुर मेट्रो स्टेशन के पास छोड़ा। रात करीब नौ बजे वह स्टेशन के गेट नंबर एक के पास सड़क किनारे बेहोश मिले। महिला अपने भाई के साथ वापस वहां पहुंची और उन्हें अस्पताल ले गई, जहां उनकी मौत की पुष्टि हुई। Sports News
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के DCP राहुल अलवाल के अनुसार, पुलिस को GTB अस्पताल से नीरज यादव की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल और कार से सल्फास की गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा सफेद पाउडर भी जब्त किया गया है। जाफराबाद पुलिस भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामले की जांच कर रही है। बरामद पदार्थों की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जाएगा। Sports News
42 वर्षीय नीरज यादव शादीशुदा थे। उनकी पत्नी और तीन साल की बेटी नोएडा में रहते हैं। वह हरियाणा के सोनीपत में ‘अंशनीर स्पोर्ट्स अकादमी’ के नाम से ऑनलाइन खेल अकादमी भी संचालित कर रहे थे। नीरज को सात साल की उम्र में पोलियो हुआ था। उन्होंने शुरुआत में व्हीलचेयर टेनिस खेला और बाद में पैरा एथलेटिक्स में अपनी पहचान बनाई। वह F55 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते थे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। Sports News
नीरज यादव ने एशियन पैरा गेम्स में तीन स्वर्ण पदक जीते थे। वर्ष 2018 में जकार्ता में उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके बाद 2023 में हांगझोउ में भाला फेंक और चक्का फेंक, दोनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते। हालांकि, बाद में डोपिंग संबंधी मामले में उनके 2023 के दोनों स्वर्ण पदक वापस ले लिए गए थे। प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद उन पर चार साल का प्रतिबंध लगाया गया था। इस कार्रवाई से उन्हें मिलने वाली पुरस्कार राशि और सरकारी नौकरी से जुड़े लाभ भी प्रभावित हुए थे। नीरज यादव की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। मौत की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर अंतिम निष्कर्ष जांच तथा फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेगा। Sports News
विज्ञापन