
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 वनडे मैचों की हाई-वोल्टेज सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों की नज़रें इस मुकाबले पर इसलिए भी टिकी हैं क्योंकि ये विराट कोहली और रोहित शर्मा की ऑस्ट्रेलियाई धरती पर आखिरी वनडे सीरीज़ हो सकती है। टीम इंडिया के ये दोनों दिग्गज जैसे ही ऑस्ट्रेलिया रवाना हुए, उससे पहले ही कंगारू कप्तान पैट कमिंस का बयान सुर्खियों में आ गया। कमिंस ने न सिर्फ विराट और रोहित की तारीफ की, बल्कि भावुक लहजे में कहा कि ये सीरीज ऑस्ट्रेलियाई फैंस के लिए बेहद यादगार होने वाली है। Pat Cummins
हालांकि कमिंस खुद इस वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे, और यही बात उन्हें खल रही है। उन्होंने कहा - भारत के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज़ से चूकना मेरे लिए शर्म की बात है। ऑस्ट्रेलिया में इस सीरीज़ को लेकर जबरदस्त उत्साह है। ऐसे में बाहर रहना काफी निराशाजनक है। कमिंस ने आगे कहा कि भारत के खिलाफ खेलना हमेशा एक अलग अनुभव होता है, और इस बार दर्शकों की भारी भीड़ इस जोड़ी (विराट-रोहित) को देखने के लिए उमड़ेगी। उनकी गैरमौजूदगी ऑस्ट्रेलिया को जरूर महसूस होगी क्योंकि भारतीय बल्लेबाज़ इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं। विराट और रोहित दोनों का ऑस्ट्रेलियाई पिचों पर वनडे औसत 50 से ऊपर है, जो उनकी क्लास और निरंतरता को दर्शाता है।
कमिंस की गैरमौजूदगी में अब मिचेल मार्श ऑस्ट्रेलिया की वनडे टीम की कमान संभालेंगे। कमिंस ने उन्हें सलाह देते हुए कहा कि ये सीरीज़ सिर्फ जीतने के लिए नहीं, बल्कि भविष्य की तैयारी के लिए भी अहम है। हमें युवाओं को मौका देना चाहिए, खासकर उन्हें जो वनडे वर्ल्ड कप नहीं खेल पाए थे। हमारा लक्ष्य 2027 वर्ल्ड कप के लिए टीम तैयार करना है, ताकि तब तक हमें पता हो कि हमारे 15 भरोसेमंद खिलाड़ी कौन होंगे। Pat Cummins