
अफगानिस्तान ( Afghanistan ) के स्पिन जादूगर राशिद खान ( Rashid Khan) ने एक बार फिर साबित कर दिया कि क्यों उन्हें टी-20 क्रिकेट ( T20 cricket ) का बेताज बादशाह कहा जाता है। इंग्लैंड में चल रहे द हंड्रेड 2025 टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में ओवल इनविंसिबल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने न केवल शानदार गेंदबाजी की, बल्कि टी-20 क्रिकेट में नया इतिहास रच दिया। उन्होंने लंदन स्पिरिट के खिलाफ 3 विकेट चटकाते ही 650 विकेट का मील का पत्थर पार कर लिया — यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह विश्व के पहले गेंदबाज बन गए हैं। Rashid Khan
राशिद खान ने अब तक 482 टी-20 मुकाबलों में कुल 651 विकेट चटकाए हैं। इस सूची में उनसे पीछे हैं वेस्टइंडीज के दिग्गज ड्वेन ब्रावो, जिन्होंने 582 मैचों में 631 विकेट लिए हैं। तीसरे स्थान पर हैं सुनील नरेन, जिनके नाम 554 मैचों में 589 विकेट दर्ज हैं। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के इमरान ताहिर (547 विकेट) और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (498 विकेट) आते हैं।
651 – राशिद खान
631 – ड्वेन ब्रावो
589 – सुनील नरेन
547 – इमरान ताहिर
498 – शाकिब अल हसन
IPL 2025 में गुजरात टाइटंस की ओर से आखिरी बार मैदान में उतरने के बाद राशिद खान ने क्रिकेट से एक छोटा ब्रेक लिया था। उन्होंने मेजर लीग क्रिकेट से भी दूरी बनाए रखी ताकि खुद को आगामी टूर्नामेंटों के लिए तरोताजा रख सकें। द हंड्रेड में वापसी करते ही उन्होंने दिखा दिया कि ब्रेक ने उनके खेल में और निखार ही लाया है।
द हंड्रेड ( The Hundred ) के पहले मैच में ओवल इनविंसिबल्स ने लंदन स्पिरिट को एकतरफा अंदाज में हराया। पहले गेंदबाजी करते हुए राशिद खान ने वेन मेडसेन, रेयान हिगिंस और लियाम डॉसन को चलता किया। सैम करन ने भी उनका बखूबी साथ निभाया और तीन विकेट झटके। नतीजा ये रहा कि लंदन स्पिरिट की पूरी टीम महज 80 रन पर सिमट गई। जवाब में ओवल की टीम ने 81 रन का लक्ष्य 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। राशिद की वापसी ने टीम को मजबूती दी है और टूर्नामेंट की शुरुआत को यादगार बना दिया है। Rashid Khan