
भारतीय क्रिकेट के दो सितारे विराट कोहली और रोहित शर्मा, वनडे इंटरनेशनल में देश के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। दोनों ने अब तक कुल 83 शतक जड़े हैं, जिसमें कोहली के नाम 51 शतक हैं। भारतीय टीम इस समय ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है, जहां उसे तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने हैं। इस सीरीज में कोहली और रोहित भी मैदान पर उतरेंगे। सात महीने बाद भारतीय टीम में लौट रहे दोनों बल्लेबाजों पर सभी की निगाहें टिकी हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान ही दोनों के वनडे करियर को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। Ravi Shastri
पहले ही टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास ले चुके रोहित और कोहली अब केवल वनडे प्रारूप में खेल रहे हैं। चर्चा है कि कब तक ये दिग्गज भारतीय टीम के लिए खेलेंगे। दोनों का लक्ष्य 2027 का वनडे वर्ल्ड कप जीतना है। अभी तक दोनों ने कभी एक साथ वर्ल्ड कप नहीं जीता है। कोहली 2011 में वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, जबकि रोहित उस समय स्क्वॉड में नहीं थे।
पूर्व कोच रवि शास्त्री का कहना है कि रिटायरमेंट का फैसला पूरी तरह खिलाड़ियों की प्रेरणा और फॉर्म पर निर्भर करेगा। 1983 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहे शास्त्री ने कहा कि फिटनेस या फॉर्म को लेकर सवाल उठ सकते हैं, लेकिन इसे ज्यादा जटिल नहीं बनाना चाहिए। शास्त्री ने फॉक्स क्रिकेट से कहा -विराट चेज मास्टर हैं और रोहित टॉप ऑर्डर के विस्फोटक बल्लेबाज हैं। सब कुछ इस बात पर निर्भर करता है कि उनका जुनून और भूख अब भी कितनी है। मैं मानता हूं कि हर सीरीज के बाद स्थिति को देखा जाना चाहिए। रास्ता अभी लंबा है। विराट और रोहित ने पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप के बाद सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास लिया था और इस साल टेस्ट से भी। शास्त्री मानते हैं कि वनडे से संन्यास भी खिलाड़ियों के व्यक्तिगत निर्णय या परिस्थितियों के अनुसार ही होगा।
उन्होंने आगे कहा - टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद जडेजा, कोहली और रोहित ने खुद रिटायरमेंट लिया। उन्हें कोई मजबूर नहीं कर रहा था। वनडे में भी ऐसा ही होगा। अगर उन्हें खेलने में मज़ा नहीं आएगा या फॉर्म कमजोर होगी, तो वे खुद पीछे हट जाएंगे। फिलहाल, रोहित और कोहली भारतीय वनडे टीम के मजबूत स्तंभ बने हुए हैं। शुभमन गिल अब कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं, लेकिन टीम के सबसे बड़े गेमचेंजर वही रहेंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 19 अक्टूबर को पर्थ में खेला जाएगा। Ravi Shastri