
एशिया कप 2025 से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लग सकता है। मुख्य विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर स्क्वॉड में शामिल किए गए संजू सैमसन की सेहत को लेकर अचानक सवाल उठ खड़े हुए हैं। ऐसे समय में जब भारत पाकिस्तान जैसे दिग्गज प्रतिद्वंद्वियों से भिड़ने की तैयारी कर रहा है, सैमसन का अस्पताल जाना फैंस और टीम मैनेजमेंट दोनों की चिंता बढ़ा रहा है। Sanju Samson
संजू सैमसन की पत्नी चारुलता रमेश ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें संजू को अस्पताल में देखा जा सकता है। इस पोस्ट ने फैंस और क्रिकेट प्रेमियों में तुरंत चिंता पैदा कर दी। चारुलता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा कि 21 अगस्त को दोपहर 3 बजे संजू अस्पताल में थे, लेकिन इसके बावजूद वह उसी दिन रात को केरल क्रिकेट लीग (KCL) 2025 के एक मैच में कोच्चि ब्लू टाइगर्स की ओर से मैदान पर उतरे।
मैच में कोच्चि ब्लू टाइगर्स ने अडानी त्रिवेंद्रम रॉयल्स को 97 रनों पर समेट दिया। जवाब में ब्लू टाइगर्स ने 49 गेंदें बची रहते हुए 8 विकेट से जीत हासिल की। इस जीत में संजू के बड़े भाई सैली विस्वनाथ ने नाबाद 50 रन की अहम पारी खेली। हालांकि, संजू सैमसन ने इस मैच में बल्लेबाजी नहीं की, लेकिन उन्होंने पूरे समय सक्रिय फील्डिंग की और एक रनआउट में भी योगदान दिया।
हाल के दिनों में T20I फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को एशिया कप में अहम भूमिका निभाने की उम्मीद है। उन्होंने 2024 में बांग्लादेश और साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन शतक लगाए थे। हालांकि, शुभमन गिल की टीम में वापसी और उपकप्तानी ने संजू की प्लेइंग 11 में जगह को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञ मानते हैं कि गिल और अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की संभावना अधिक है, जिससे संजू को मिडिल ऑर्डर में खेलने की संभावना बन सकती है।
Sanju Samson