
एशिया कप 2025 से पहले भारतीय फैंस के लिए संजू सैमसन का यह प्रदर्शन किसी खुशखबरी से कम नहीं। लंबे समय से टीम में अपनी जगह पक्की करने की जद्दोजहद कर रहे विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए फ्रेंडली मैच में अर्धशतक जड़कर एक बार फिर खुद को सुर्खियों में ला खड़ा किया। Asia Cup 2025
आईपीएल 2025 के बाद अपने पहले मुकाबले में उन्होंने कप्तान के तौर पर मोर्चा संभालते हुए सिर्फ 36 गेंदों में 54 रन ठोक डाले। दो चौके और तीन छक्कों से सजी यह पारी न केवल उनकी लय की वापसी का सबूत बनी बल्कि यह भी दिखा गई कि एशिया कप में टीम इंडिया के लिए सैमसन कितने अहम साबित हो सकते हैं। उनकी अगुवाई में सेक्रेटरी इलेवन ने जीत दर्ज कर चयनकर्ताओं को साफ संकेत दिया कि एशिया कप की रेस में उनका नाम नज़रअंदाज़ करना मुश्किल होगा।
185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेक्रेटरी इलेवन ने मुकाबला आखिरी गेंद पर जीता। अंतिम ओवर में मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंचा और तेज गेंदबाज बासिल थम्पी ने छक्का जड़कर टीम को एक विकेट से जीत दिलाई। इस जीत में विष्णु विनोद का भी अहम योगदान रहा, जिन्होंने 69 रन की लाजवाब पारी खेली। दूसरी ओर, प्रेसिडेंट इलेवन की कमान अनुभवी सचिन बेबी के हाथों में थी। उनकी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। रोहन कुन्नुमल (60 रन) और अभिजीत प्रवीण (47 रन) ने शानदार योगदान दिया, लेकिन शराफुद्दीन की गेंदबाजी (3 विकेट) ने उन्हें बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।
एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान कुछ ही दिनों में होना है और कई खिलाड़ी इस रेस में शामिल हैं। ऐसे में संजू सैमसन का यह प्रदर्शन चयनकर्ताओं के लिए सोचने पर मजबूर कर सकता है। खासतौर पर तब, जब उनके आईपीएल भविष्य को लेकर अटकलें जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि वह राजस्थान रॉयल्स से अलग होने का मन बना चुके हैं, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स उन्हें अपने खेमे में लाने के लिए उत्सुक हैं। Asia Cup 2025