
एशिया कप 2025 में भारत से शिकस्त के बाद पाकिस्तान की टीम रणनीति चारों तरफ से घिर गई है। सोशल मीडिया से लेकर स्टूडियो डिबेट तक हर जगह सवालों की बौछार है। इसी बीच पाकिस्तान के ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ शोएब अख्तर ने सबसे तीखा बाउंसर फेंका। उन्होंने बेबाक लहजे में कहा—“भारत जैसी टीम के सामने चार स्पिनर खिलाना ऐसा है जैसे बाढ़ में कागज़ की नाव उतारना… डूबना तो तय है। Asia Cup 2025
शोएब अख्तर ने कहा, “पाकिस्तान की असली ताकत उसकी तेज़ गेंदबाजी रही है, लेकिन इस बार चयनकर्ताओं ने जैसे अपनी ही पहचान दफना दी। शाहीन अफरीदी अकेले मोर्चा संभालते रहे और बाकी पूरा दारोमदार चार स्पिनरों पर डाल दिया गया। अब जरा सोचिए, क्या भारत जैसी टीम के किसी बल्लेबाज को स्पिन खेलना नहीं आता? ये इंडिया की पक्की टीम है, जो स्पिन को तोड़कर रख देती है। अगर पाकिस्तान ने अब भी अपनी सोच नहीं बदली, तो आने वाले मैचों में और भी शर्मनाक हारें इंतज़ार कर रही हैं।
अख्तर की ही तरह भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान भी पाकिस्तान की टीम देखकर हैरान रह गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा—“जिस मुल्क की पहचान तूफ़ानी पेस अटैक से रही हो, वही अगर अपने असली हथियार को दरकिनार कर दे, तो फिर हार तो पक्की है। तेज़ गेंदबाजी छोड़कर स्पिन पर भरोसा करना ऐसा है जैसे तलवार की जगह लकड़ी की छड़ी लेकर जंग लड़ने उतर जाना।
भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा शिकंजा कसा कि पाकिस्तान की पूरी टीम 20 ओवर में केवल 127 रन तक सिमट गई। जवाब में भारत ने लक्ष्य का पीछा ऐसे किया मानो नेट प्रैक्टिस चल रही हो। महज़ 16वें ओवर में 3 विकेट खोकर जीत पक्की कर दी गई और अंत में सूर्यकुमार यादव ने छक्का जड़कर मैच का परदा उसी अंदाज़ में गिराया, जैसा दर्शक देखना चाहते थे। Asia Cup 2025