
भारतीय क्रिकेट में अपनी जगह वापस पाने की कोशिश कर रहे श्रेयस अय्यर को अब एक बड़ा अवसर मिला है। टीम इंडिया में जगह न मिलने के बाद अब श्रेयस अय्यर को नया जिम्मा सौंपा गया है। मध्यक्रम के इस भरोसेमंद बल्लेबाज को ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाली दो चार दिवसीय फर्स्ट क्लास मुकाबलों के लिए इंडिया-ए का कप्तान नियुक्त किया गया है। वहीं युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को उपकप्तान बनाया गया है। एशिया कप 2025 की भारतीय टीम में श्रेयस को न तो मुख्य खिलाड़ियों में और न ही स्टैंडबाय सूची में शामिल किया गया था, जबकि आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स के लिए उन्होंने 17 मैचों में 604 रन बनाकर चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा था। Shreyas Iyer
ऐसे में उनका टीम से बाहर होना क्रिकेट हलकों में चर्चा का विषय रहा। अब अय्यर के पास इंडिया-ए के साथ अपनी क्षमता साबित करने का सुनहरा मौका है। टीम में कई उभरते और अनुभवी चेहरे शामिल हैं, जिनमें अभिमन्यु ईश्वरन, साई सुदर्शन, नीतीश रेड्डी और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा प्रमुख नाम हैं। खास बात यह है कि स्टार बल्लेबाज केएल राहुल और पेसर मोहम्मद सिराज दूसरे चार दिवसीय मैच से टीम से जुड़ेंगे।
पहला 4 दिवसीय मैच: 16 से 19 सितंबर, लखनऊ
दूसरा 4 दिवसीय मैच: 23 से 26 सितंबर, लखनऊ
पहला वनडे: 30 सितंबर, कानपुर
दूसरा वनडे: 3 अक्टूबर, कानपुर
तीसरा वनडे: 5 अक्टूबर, कानपुर
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन, नारायण जगदीशन (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (उपकप्तान/विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, हर्ष दुबे, आयुष बदोनी, नीतीश कुमार रेड्डी, तनुष कोटियन, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, खलील अहमद, मानव सुथार, यश ठाकुर।
(नोट: केएल राहुल और मोहम्मद सिराज दूसरे 4 दिवसीय मैच से टीम से जुड़ेंगे।)
अय्यर ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट फरवरी 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था, जबकि टी20 इंटरनेशनल दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध बेंगलुरु में खेला था। फिलहाल वे केवल वनडे प्रारूप में टीम इंडिया का हिस्सा नजर आ रहे हैं। माना जा रहा है कि आगामी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्हें फिर से राष्ट्रीय टीम के लिए मौका मिल सकता है, जहां भारत तीन वनडे और पांच टी20 मुकाबले खेलेगा। Shreyas Iyer