
टीम इंडिया के भरोसेमंद बल्लेबाज श्रेयस अय्यर फिलहाल मैदान से लंबे समय के लिए बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे के दौरान लगी गंभीर चोट के चलते वह कम से कम दो महीने तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। 25 अक्टूबर को मैच के दौरान एलेक्स कैरी का कैच लेने के लिए डाइव लगाते वक्त अय्यर ज़मीन पर बुरी तरह गिरे थे। इस झटके में उन्हें पेट के अंदरूनी हिस्से में चोट लगी और बाद में तिल्ली (Spleen) में ब्लीडिंग पाई गई। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने इंटरवेंशनल ट्रांस-कैथेटर एम्बोलाइजेशन (Interventional Trans-Catheter Embolization) नाम की प्रक्रिया के ज़रिए रक्तस्राव रोका। यह एक मानक मेडिकल प्रक्रिया है जिसमें कैथेटर के जरिए ब्लीडिंग वाली धमनी को ब्लॉक किया जाता है ताकि अंदरूनी खून का बहाव रोका जा सके। Shreyas Iyer Injury Update
रेवस्पोर्ट्ज की रिपोर्ट के मुताबिक, अय्यर को फिर से एक्शन में लौटने में करीब आठ हफ्ते लग सकते हैं। यानी वह नवंबर-दिसंबर में होने वाली भारत बनाम साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज़ से बाहर हो गए हैं। इसके अलावा जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में उनकी भागीदारी पर भी सस्पेंस बना हुआ है, क्योंकि उस समय तक उन्हें मैच प्रैक्टिस का पर्याप्त मौका नहीं मिलेगा।
हालांकि राहत की बात यह है कि श्रेयस की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और उन्हें लगातार निगरानी में रखा गया है। 28 अक्टूबर को बीसीसीआई ने एक आधिकारिक बयान में कहा - श्रेयस अय्यर को 25 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे के दौरान पेट में गंभीर चोट लगी। चोट की तुरंत पहचान कर उपचार किया गया। अब उनकी स्थिति स्थिर है और मेडिकल टीम सिडनी व भारत के विशेषज्ञों के साथ मिलकर उनकी रिकवरी पर नजर रख रही है Shreyas Iyer Injury Update