
भारत ने इंग्लैंड को ओवल टेस्ट में 6 रनों से हराकर पांच मैचों की श्रृंखला को 2-2 से बराबरी पर समाप्त किया। इस रोमांचक जीत के नायक रहे तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज, जिन्होंने ना सिर्फ इंग्लिश बल्लेबाजों की कमर तोड़ी, बल्कि विदेशी धरती पर टेस्ट मैच जीतने के मामले में पूर्व कप्तान एमएस धोनी को भी पीछे छोड़ दिया है। Mohammed Siraj
ओवल में खेले गए निर्णायक टेस्ट में सिराज ने दोनों पारियों को मिलाकर 9 विकेट चटकाए। पहली पारी में 86 रन देकर 4 और दूसरी पारी में 104 रन देकर 5 विकेट लेने वाले सिराज को 'प्लेयर ऑफ द मैच' से नवाजा गया। उनके प्रदर्शन ने न सिर्फ टीम इंडिया की जीत सुनिश्चित की, बल्कि एक अहम व्यक्तिगत उपलब्धि भी उनके नाम हुई।
ओवल टेस्ट भारत के लिए विदेशी सरजमीं पर सिराज की 12वीं टेस्ट जीत थी, जिससे उन्होंने एमएस धोनी (11 जीत) को पीछे छोड़ दिया। सिराज ने अब तक विदेशी मैदानों पर 27 टेस्ट खेले, जिनमें से 12 जीते, 10 हारे और 5 ड्रॉ रहे। इसी के साथ उन्होंने जसप्रीत बुमराह की बराबरी भी कर ली, जिनके नाम भी विदेशी धरती पर 12 जीतें दर्ज हैं। यह जीत सिराज के टेस्ट करियर की कुल 22वीं जीत भी रही। इस आंकड़े के साथ उन्होंने मोहम्मद अजहरुद्दीन के टेस्ट जीत के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है, जो भारतीय क्रिकेट में एक अहम पड़ाव माना जाता है।
अगर विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की बात करें, तो इस सूची में राहुल द्रविड़ शीर्ष पर हैं। उन्होंने विदेश में खेले गए 93 टेस्ट में से 24 मैच जीतकर एक मिसाल कायम की। विराट कोहली इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम 68 टेस्ट में 23 जीत दर्ज हैं। इस मुकाबले में प्रसिद्ध कृष्णा ने भी बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए कुल 8 विकेट झटके, जिससे इंग्लैंड की मजबूत बैटिंग लाइन-अप दबाव में आ गई। लेकिन सिराज का आत्मविश्वास और धारदार गेंदबाज़ी इस टेस्ट की असली कहानी बन गई। Mohammed Siraj