इसी विस्फोटक ओवर के दम पर सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में 20+ रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। अब सूर्या के नाम यह उपलब्धि 5 बार दर्ज है, जिससे उन्होंने युवराज सिंह (4 बार) को पीछे छोड़ दिया।

Suryakumar Yadav : भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में अपनी फॉर्म को लेकर चल रही चर्चाओं पर बड़ा विराम लगा दिया। 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्या ने 37 गेंदों पर नाबाद 82 रन ठोके, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। यह अक्टूबर 2024 के बाद 24 पारियों में उनका पहला अर्धशतक बताया जा रहा है और टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले यह भारत के लिए राहत देने वाला संकेत माना जा सकता है।
रायपुर में मुकाबले का रुख उस वक्त पूरी तरह पलट गया, जब न्यूजीलैंड के गेंदबाज जैक फाउल्केस के नौवें ओवर में सूर्यकुमार यादव ने 24 रन कूट दिए। चौके-छक्कों की बरसात के साथ सूर्या ने साफ संदेश दे दिया कि उनका अटैक मोड वापस ऑन है। इसी विस्फोटक ओवर के दम पर सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में 20+ रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए। अब सूर्या के नाम यह उपलब्धि 5 बार दर्ज है, जिससे उन्होंने युवराज सिंह (4 बार) को पीछे छोड़ दिया। इस रिकॉर्ड चार्ट में रोहित शर्मा 6 बार के साथ अब भी शीर्ष पर हैं।
टी20 इंटरनेशनल में एक ओवर में 20 या उससे ज्यादा रन ठोकने के मामले में भारतीय बल्लेबाजों की पावर-हिटिंग लिस्ट भी बेहद दिलचस्प है। इस चार्ट में रोहित शर्मा सबसे आगे हैं, जिन्होंने 6 बार ऐसा धमाका किया। उनके ठीक पीछे अब सूर्यकुमार यादव पहुंच चुके हैं, 5 बार 20+ रन वाले ओवर खेलकर उन्होंने अपनी आक्रामक पहचान को और मजबूत किया है। युवराज सिंह इस सूची में 4 बार के साथ तीसरे स्थान पर हैं, जबकि रिंकू सिंह, हार्दिक पांड्या, ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने 3-3 बार यह कारनामा किया है। वहीं रवींद्र जडेजा और अभिषेक शर्मा के नाम 2-2 बार एक ओवर में 20+ रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है।
सूर्या ने रनचेज में दो अहम साझेदारियां कीं। उन्होंने ईशान किशन के साथ 49 गेंदों में 122 रन जोड़े। ईशान ने 32 गेंदों में 76 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 4 छक्के शामिल रहे और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके बाद कप्तान ने शिवम दुबे (नाबाद 36) के साथ चौथे विकेट के लिए 37 गेंदों पर 81 रन की अटूट साझेदारी निभाकर भारत को 7 विकेट से जीत दिला दी। इस जीत के साथ भारत ने टी20 इंटरनेशनल में लक्ष्य का पीछा करते हुए 209 रन बनाने के अपने रिकॉर्ड की भी बराबरी की। इससे पहले टीम ने 2023 में विशाखापत्तनम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी 209 रन का सफल चेज़ किया था। Suryakumar Yadav