
भारत ने एशिया कप 2025 के सुपर-4 में पाकिस्तान को 6 विकेट से हराकर अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी। ग्रुप स्टेज में भी भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी थी, यानी केवल एक हफ्ते के अंदर ही दोनों बार पाक टीम को मात देना भारत के लिए आसान साबित हुआ। ऐसे में जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से पारंपरिक भारत-पाकिस्तान राइवेलरी के बारे में सवाल पूछा गया, तो उन्होंने चौंकाने वाला जवाब दिया। मैच जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार ने साफ कहा कि अब यह सवाल पूछना पूरी तरह बेवजह है। उनका मानना है कि पाकिस्तान अब वह अहमियत नहीं रखता, जो कभी भारत-पाक मैचों में रहती थी। Asia Cup 2025
सुपर-4 मुकाबले में पाकिस्तान को 7 गेंद शेष रहते ही हराने के बाद जब सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे, तो उनसे पारंपरिक भारत-पाकिस्तान राइवेलरी के बारे में सवाल किया गया। इस पर उन्होंने सीधे और साफ शब्दों में कहा कि अब इस सवाल को पूछना पूरी तरह बेकार है। उनका कहना था, “भारत-पाकिस्तान के बीच अब राइवेलरी जैसी कोई चीज बची नहीं है। सूर्यकुमार ने इसे समझाते हुए कहा कि असली राइवेलरी तब होती है जब दोनों टीमों के बीच मैच बेहद करीबी हों। जैसे अगर 15–16 मुकाबले हुए हों और जीत-हार लगभग बराबर हो—8 जीत एक टीम की, 7 जीत दूसरी टीम की—तब ही इस प्रतिद्वंदिता में रोमांच होता है। उन्होंने आगे कहा कि भारत-पाक के आंकड़े उनके दिमाग में पूरी तरह नहीं हैं, लेकिन यहां जीत और हार का फर्क इतना बड़ा है कि अब इसे राइवेलरी कहना सही नहीं होगा।
एशिया कप में अब तक भारत और पाकिस्तान 21 बार आमने-सामने आ चुके हैं, जिनमें भारत ने 12 बार जीत का परचम लहराया, जबकि पाकिस्तान केवल 6 बार ही विजयी रहा। 3 मुकाबले टाई या बेनतीजा रहे। वहीं T20 इंटरनेशनल की बात करें तो दोनों टीमें 15 बार भिड़ी हैं, जिनमें भारत ने 11 और पाकिस्तान ने सिर्फ 3 मुकाबले अपने नाम किए, जबकि 1 मैच बेनतीजा रहा। Asia Cup 2025