
एशिया कप 2025 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 9 से 28 सितंबर तक अबूधाबी और दुबई में होने वाले इस टी20 टूर्नामेंट में 8 टीमें दो ग्रुप में भिड़ेंगी। ग्रुप-ए में भारत के साथ पाकिस्तान, यूएई और ओमान, जबकि ग्रुप-बी में श्रीलंका, हॉन्ग कॉन्ग, बांग्लादेश और अफगानिस्तान होंगे। इस बार भारत की सबसे बड़ी चुनौती ओपनिंग जोड़ी तय करने की है। वजह साफ है - रोहित शर्मा और विराट कोहली के टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद पावरप्ले में टीम को नई साझेदारी की जरूरत होगी। भारतीय टीम का ऐलान अगस्त के तीसरे हफ्ते में होने की संभावना है, और ओपनिंग स्लॉट के लिए पांच नाम सबसे आगे माने जा रहे हैं। इनमें से दो को मुख्य जोड़ी और एक को रिज़र्व ओपनर के रूप में चुना जा सकता है। Asia Cup 2025
महज़ 17 मैचों में 535 रन, दो शतक और दो अर्धशतक… अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी ने उन्हें इस लिस्ट में सबसे ऊपर खड़ा कर दिया है। आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 और गेंद से भी योगदान देने की क्षमता, उन्हें लगभग पक्का दावेदार बनाती है।
टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ दो शतक और IPL 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहतरीन फॉर्म… यशस्वी का स्ट्राइक रेट और आक्रामक अंदाज पावरप्ले में विपक्षी गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल सकता है। 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय में उनके नाम 723 रन, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।
टी20 इंटरनेशनल में बतौर ओपनर तीन शतक—संजू सैमसन के पास पावर और तकनीक दोनों हैं। भले ही फॉर्म में निरंतरता कमी रही हो, लेकिन विकेटकीपिंग विकल्प उन्हें चयनकर्ताओं की नजर में मजबूती देता है। 42 मैचों में उनके बल्ले से 861 रन निकले हैं।
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में दमदार प्रदर्शन और व्हाइट बॉल क्रिकेट में सिद्ध ओपनर—शुभमन गिल की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। 21 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 578 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं।
IPL 2025 में 759 रन के साथ ऑरेंज कैप जीतने वाले साई सुदर्शन का नाम भी रेस में है। हालांकि भारत के लिए उन्होंने अब तक सिर्फ एक टी20 मैच खेला है, जिसमें उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। लेकिन लगातार रन बनाने की क्षमता उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है। Asia Cup 2025