माना जा रहा है कि टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला यूएसए के खिलाफ खेलेगी, जबकि भारत–पाकिस्तान की हाई-वोल्टेज भिड़ंत कोलंबो के स्टेडियम में कराई जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो श्रीलंका की सरज़मीं एक बार फिर एशियाई क्लासिक की साक्षी बनेगी।

भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। नया साल शुरू होते ही फरवरी में होने वाले इस मेगा टूर्नामेंट को लेकर फैन्स के बीच जबरदस्त उत्साह है, लेकिन सबकी सबसे बड़ी जिज्ञासा फिलहाल एक ही है – शेड्यूल और ग्रुपिंग का ऐलान कब होगा और टीम इंडिया किन टीमों के साथ नजर आएगी?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईसीसी 25 नवंबर को मुंबई में होने वाले एक विशेष कार्यक्रम के दौरान टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप और पूरे शेड्यूल से पर्दा उठा सकती है। भारत–श्रीलंका की धरती पर होने जा रहे इस टूर्नामेंट में पिछली बार की तरह कुल 20 टीमें उतरेंगी, जिनकी भागीदारी लगभग तय मानी जा रही है। सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ड्रॉ के बाद कौन–कौन सी टीमें किस ग्रुप में दिखेंगी और क्या एक बार फिर भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में आमने–सामने लाया जाएगा। शुरुआती संकेत यही बता रहे हैं कि आईसीसी इंडो–पाक हाई-वोल्टेज भिड़ंत को लीग स्टेज में ही तय करना चाहती है।
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार, संभावित ग्रुप संयोजन में भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जा सकता है। इस ग्रुप में बाकी तीन स्लॉट के लिए यूएसए, नीदरलैंड्स और नामीबिया जैसी टीमों के नाम सामने आ रहे हैं। अगर ऐसा होता है तो एशियाई दिग्गजों के साथ एसोसिएट टीमों को भी बड़ा मंच मिल जाएगा। दूसरी ओर, श्रीलंका के हिस्से में आने वाला ग्रुप काफी मुश्किल माना जा रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मेजबान श्रीलंका के साथ ऑस्ट्रेलिया, जिम्बाब्वे, आयरलैंड और ओमान जैसी टीमें एक ही समूह में होंगी। मजबूत और संतुलित टीमों की मौजूदगी के कारण इस पूल को पहले से ही ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ कहा जाने लगा है। अन्य संभावित ग्रुप संयोजन इस तरह माने जा रहे हैं – एक ग्रुप में इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, नेपाल और इटली दूसरे ग्रुप में साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, यूएई और कनाडा इस तरह कुल चार ग्रुप बनेंगे, और हर ग्रुप में 5–5 टीमें शामिल होंगी।
टी20 विश्व कप 2026 के फॉरमैट के मुताबिक, लीग स्टेज में बने चारों ग्रुप से टॉप-2 टीमों को सुपर-8 में जगह मिलेगी। सुपर-8 के बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल तक पहुंचेंगी और फिर वहीं से खिताब की दौड़ का असली क्लाइमेक्स शुरू होगा। डिफेंडिंग चैंपियन भारत के टूर्नामेंट ओपनर को लेकर भी रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं। माना जा रहा है कि टीम इंडिया अपना पहला मुकाबला यूएसए के खिलाफ खेलेगी, जबकि भारत–पाकिस्तान की हाई-वोल्टेज भिड़ंत कोलंबो के स्टेडियम में कराई जा सकती है। अगर ऐसा होता है तो श्रीलंका की सरज़मीं एक बार फिर एशियाई क्लासिक की साक्षी बनेगी।
भारत और श्रीलंका में मैचों की मेजबानी को लेकर भी खाका लगभग साफ माना जा रहा है।
भारत में संभावित वेन्यू: मुंबई,कोलकाता,चेन्नई,दिल्ली,अहमदाबाद
श्रीलंका में संभावित वेन्यू:- कोलंबो,कैंडी