Team India : आलोचनाओं से घिरे विराट को देव का सहारा
भारत
चेतना मंच
16 Jul 2022 09:32 PM
New Delhi : नई दिल्ली। भारत के लिए पहला विश्वकप जिताने वाले टीम इंडिया के पूर्व कप्तान कपिल देव अपने पहले दिए बयान से उलट टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली के साथ खड़े हो गए। विराट कोहली इन दिनों करियर के सबसे बुरे दौर से गुजर रहे हैं। 2019 के बाद से कोहली के बल्ले से एक भी सेंचुरी नहीं निकली है। यहां तक कि विराट को उनके खराब प्रदर्शन को लेकर अब टीम इंडिया से बाहर करने की बात शुरू हो गई है। विराट को टीम से बाहर करने की मांग करने वालों में सबसे पहले पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव थे, जिन्होंने कोहली की जगह दीपक हुड्डा और सूर्यकुमार यादव को प्लेइंग इलेवन में खिलाने की मांग की थी। कपिल देव के बयान की खूब आलोचना हुई, लेकिन अब अब उन्होंने अपने बयान की भरपाई की है।
कपिल देव ने अपने ताजा बयान में कहा है कि विराट कोहली के अंदर अभी काफी क्रिकेट बचा है। भले ही उन्हें खराब प्रदर्शन के बावजूद टीम से बाहर किया जा रहा हो या फिर आराम दिया जा रहा है। कपिल देव ने कहा कि कोहली के लिए ड्रॉप्ड जैसे शब्द से बचा जाए, इसलिए उन्हें सम्मान के साथ आराम दिया गया है, क्योंकि विराट कोहली काफी बड़े खिलाड़ी हैं। कपिल देव ने कहा कि अगर कोहली को सम्मान के साथ आराम दिया जा रहा है तो सही है, उसमें कोई समस्या नहीं है। वेस्टइंडीज टूर से कोहली का नाम बाहर करने के अपने पुराने बयान की कपिल देव ने भरपाई करते हुए कहा कि मैं यह नहीं कह सकता कि विराट कोहली को टीम से बाहर कर देना चाहिए, क्योंकि उनके अंदर अभी बहुत क्रिकेट बाकी है और वो बहुत बड़े खिलाड़ी हैं। गौरतलब है कि कपिल देव ने यह बात वेस्टइंडीज टूर के लिए घोषित टीम इंडिया में विराट कोहली का नाम नहीं होने के सवाल पर कही।