
एशिया कप 2025 के सुपर-चार मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय सलामी जोड़ी शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने ऐसा तूफानी प्रदर्शन किया कि पाकिस्तानी रणनीतियों की सारी ‘मिसाइलें’ बेअसर हो गईं। शाहीन शाह आफरीदी जैसे दिग्गज गेंदबाज भी इन दोनों के सामने फीके पड़ गए। भारत के लिए मैदान हो या जंग—पाकिस्तान हर मोर्चे पर टिक नहीं पाया। एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार पाकिस्तान को करारी हार दी। 21 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस सुपर-चार मुकाबले में भारत ने 6 विकेट से जीत हासिल की। भारतीय टीम के सामने 172 रन का लक्ष्य था, जो उनके लिए मामूली साबित हुआ। इससे पहले ग्रुप मैच में भी भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से धूल चटाई थी। Asia Cup 2025
भारतीय सलामी बल्लेबाजों शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा ने पाकिस्तानी गेंदबाजी को जैसे ध्वस्त करने का मन बना लिया था। पहली ही गेंद पर शाहीन शाह आफरीदी को गिल का छक्का बता गया कि आज का खेल किस करवट बैठेगा। इसके बाद दोनों ने ऐसा रन तूफान खड़ा किया कि पूरा पाकिस्तानी आक्रमण लाचार नजर आया।
गिल ने महज़ 28 गेंदों पर 47 रन ठोक डाले, जिसमें 8 चौके शामिल थे।
अभिषेक ने तो और भी आतिशी अंदाज दिखाया—39 गेंदों पर 74 रन, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के बरसे।
दोनों की 105 रनों की विस्फोटक साझेदारी ने पाकिस्तान की जीत की उम्मीदों को पूरी तरह चकनाचूर कर दिया। और जब गिल-अभिषेक लौटे तो तिलक वर्मा ने नाबाद 30 रन जोड़कर भारत की जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 171 रन जुटाए। टीम के लिए सबसे बड़ी पारी साहिबजादा फरहान के बल्ले से आई, जिन्होंने 45 गेंदों पर 5 चौके और 3 छक्कों की मदद से 58 रन बनाए। अर्धशतक पूरा होते ही फरहान ने ‘गन सेलिब्रेशन’ दिखाकर जश्न मनाया, लेकिन उनका यह जलवा ज्यादा देर टिक नहीं पाया। इसके बाद वे रन बनाने के लिए जूझते नजर आए और अंततः शिवम दुबे की गेंद पर सूर्यकुमार यादव को कैच थमा बैठे। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद पाकिस्तानी रनगति पर पूरी तरह लगाम कस दी।
भारत-पाकिस्तान के बीच पिछले दस टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में यह नौवां मौका रहा जब लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम विजेता बनी। इनमें से सात बार यह कारनामा भारतीय टीम ने किया, जबकि पाकिस्तान सिर्फ दो बार ही सफल हो पाया। खास बात यह है कि टीम इंडिया ने अब पाकिस्तान के खिलाफ लगातार सातवां मैच (वनडे और टी20I मिलाकर) जीत लिया है। स्कोरलाइन 7-0 तक पहुंच चुकी है और मौजूदा हालात देखकर यह आसानी से 8-0 या 10-0 भी हो सकता है। बीते तीन सालों का रिकॉर्ड साफ बताता है कि चाहे एशिया कप हो, वर्ल्ड कप या चैंपियंस ट्रॉफी—हर बड़े मंच पर पाकिस्तान के सामने भारत का दबदबा कायम रहा है।
एशिया कप 2025: भारत 6 विकेट से जीता
एशिया कप 2025: भारत 7 विकेट से जीता
चैंपियंस ट्रॉफी 2025: भारत 6 विकेट से जीता
टी20 वर्ल्ड कप 2024: भारत 6 रन से जीता
वनडे वर्ल्ड कप 2023: भारत 7 विकेट से जीता
एशिया कप 2023: भारत 228 रन से जीता
टी20 वर्ल्ड कप 2022: भारत 4 विकेट से जीता Asia Cup 2025