
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में दमदार प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया अब अपने घर में वेस्टइंडीज को मात देने की तैयारी में जुटी है। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस सीरीज में जीत दर्ज कर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर काबिज होना चाहेगी। बुधवार, 24 सितंबर को टीम इंडिया का स्क्वॉड घोषित किया जाएगा, जिसमें कुछ नए चेहरों को भी मौका मिलने की संभावना है। इस दौरान दिग्गज बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने रेड बॉल क्रिकेट से विश्राम लेने का फैसला किया है, जिससे टीम में बदलाव की गुंजाइश और बढ़ गई है। Team India Squad
वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए BCCI की सीनियर मेंस सेलेक्शन कमेटी की ऑनलाइन बैठक चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर की अध्यक्षता में बुधवार, 24 सितंबर को होगी, जिसमें टीम इंडिया का ऐलान होगा। ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ पहले अनाधिकारिक मैच में शतक लगाने वाले देवदत्त पडिक्कल को इस बार टीम में शामिल किया जा सकता है।इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ दूसरे मैच में पांच विकेट लेने वाले बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार को भी टीम में जगह मिल सकती है। 23 वर्षीय सुथार ने अपने 23 फर्स्ट क्लास मैचों में 95 विकेट झटके हैं।
ऋषभ पंत चोट के कारण बाहर होने पर इस टेस्ट सीरीज में ध्रुव जुरेल विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं, जबकि उनके बैकअप के तौर पर नारायण जगदीशन को टीम में शामिल किया जा सकता है। इसके साथ ही दिग्गज ऑलराउंडर अक्षर पटेल की भी टेस्ट टीम में वापसी संभव है। टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में पहुंच चुके हैं, जहां उनका फिटनेस टेस्ट होगा। इंग्लैंड दौरे के बाद जडेजा ने क्रिकेट से ब्रेक लिया था। इस दौरान उनका बल्ले से प्रदर्शन शानदार रहा, जिसमें उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक जड़े थे।
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप कप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, अभिमन्यु ईश्वरन, नारायण जगदीशन, देवदत्त पडिक्कल, मानव सुथार। Team India Squad