
एशिया कप 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। 9 सितंबर से शुरू होने वाले इस बहुचर्चित टूर्नामेंट में टीम इंडिया की कमान अनुभवी बल्लेबाज़ सूर्यकुमार यादव संभालेंगे, जबकि उपकप्तानी की ज़िम्मेदारी युवा स्टार शुभमन गिल को दी गई है। भारत का पहला मुकाबला 10 सितंबर को UAE के खिलाफ खेला जाएगा। वहीं, क्रिकेटप्रेमियों की सबसे बड़ी उत्सुकता 14 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान महामुकाबले को लेकर है, जो दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। Asia Cup 2025
एशिया कप 2025 के इस टी-20 संस्करण में टीम इंडिया अपनी नई रणनीति के साथ उतरेगी। 2026 टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम ने इस बार युवा और अनुभवियों का संतुलन साधा है। रोहित शर्मा और विराट कोहली के संन्यास के बाद टीम इंडिया के नए नेतृत्व में सूर्या-गिल जोड़ी को अहम जिम्मेदारी दी गई है। फैंस की निगाहें इस बार एशिया कप में टीम इंडिया के नए खिलाड़ियों के प्रदर्शन और कप्तानी पर टिकी होंगी।
स्क्वॉड में कई नए और युवा चेहरों को मौका मिला है। यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर जगह बनाने में नाकाम रहे। वहीं, विकेटकीपिंग के मोर्चे पर संजू सैमसन और जितेश शर्मा पर भरोसा जताया गया है। गेंदबाज़ी आक्रमण की कमान जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ियों के कंधों पर होगी। भारत को पाकिस्तान, ओमान और UAE के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। क्रिकेट समीक्षकों का मानना है कि भारत और पाकिस्तान आसानी से सुपर-4 तक का सफर तय करेंगे। अगर हालात सामान्य रहे तो फैंस को तीन बार दोनों पारंपरिक प्रतिद्वंद्वियों के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।
सूर्यकुमार यादव (कप्तान),शुभमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा,हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे,अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह,अर्शदीप सिंह,वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव,संजू सैमसन (विकेटकीपर),हर्षित राणा, रिंकू सिंह Asia Cup 2025