विज्ञापन
क्रिकेट को यूं ही अनिश्चितताओं का खेल नहीं कहा जाता। यहां एक ओवर एक साझेदारी या फिर एक खिलाड़ी का दमदार प्रदर्शन भी पूरे मैच की तस्वीर बदल देता है।आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में भी यही नजारा देखने को मिला।

IPL 2026 : क्रिकेट को यूं ही अनिश्चितताओं का खेल नहीं कहा जाता। यहां एक ओवर एक साझेदारी या फिर एक खिलाड़ी का दमदार प्रदर्शन भी पूरे मैच की तस्वीर बदल देता है।आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए मुकाबले में भी यही नजारा देखने को मिला। जहां तिलक वर्मा अकेले ही गुजरात की टीम पर अकेले भारी पड़ गए। तिलक ने ऐसा विस्फोटक शतक ठोका कि मुकाबला धीरे-धीरे टीम बनाम टीम से हटकर तिलक वर्मा बनाम गुजरात टाइटंस बन गया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि अंत में गुजरात की पूरी टीम भी तिलक के निजी स्कोर को पार नहीं कर सकी। IPL 2026
टी20 क्रिकेट में आमतौर पर शतक लगाने का सबसे ज्यादा मौका टॉप ऑर्डर बल्लेबाजों को मिलता है, क्योंकि उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का समय मिलता है। लेकिन तिलक वर्मा ने इस धारणा को तोड़ते हुए नंबर-5 पर बल्लेबाजी के लिए उतरकर कमाल कर दिखाया। जब वह क्रीज पर आए, तब मुंबई इंडियंस दबाव में थी और टीम को संभालने की जरूरत थी। तिलक ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। उन्होंने सिर्फ 45 गेंदों में नाबाद 101 रन ठोक दिए। इस शानदार पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।मुंबई की ओर से कोई अन्य बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। तिलक के बाद सबसे बड़ा योगदान नमन धीर का रहा, जिन्होंने 32 गेंदों पर 45 रन बनाए। मुंबई इंडियंस ने तिलक वर्मा की शतकीय पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस के सामने 200 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा। IPL 2026
जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत से ही लय बिगड़ी हुई दिखी। टीम का कोई भी बल्लेबाज लंबे समय तक टिक नहीं सका और पूरी पारी बिखरती चली गई। गुजरात टाइटंस की पूरी टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 17 गेंदों में 26 रन बनाए, लेकिन यह योगदान भी हार का अंतर कम नहीं कर सका। गुजरात को इस मुकाबले में 99 रन से बड़ी हार झेलनी पड़ी। इस हार से टीम को सिर्फ दो अंक ही नहीं गंवाने पड़े, बल्कि उसका नेट रन रेट भी बुरी तरह प्रभावित हुआ, जो आगे चलकर परेशानी का कारण बन सकता है। IPL 2026
इस मुकाबले में तिलक वर्मा ने सिर्फ शतक ही नहीं लगाया, बल्कि एक ऐसा रिकॉर्ड भी बना दिया जो मुंबई इंडियंस के इतिहास में पहले कभी नहीं बना था। तिलक ने अकेले 101 रन बनाए, जबकि गुजरात टाइटंस की पूरी टीम 100 रन ही बना सकी। यानी गुजरात सिर्फ मुंबई इंडियंस से नहीं हारी, बल्कि वह अकेले तिलक वर्मा से भी एक रन पीछे रह गई। मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब किसी एक बल्लेबाज ने विपक्षी टीम के पूरे स्कोर से ज्यादा रन बना दिए हों। यही वजह है कि तिलक की यह पारी फ्रेंचाइजी के इतिहास की सबसे यादगार पारियों में शामिल हो गई है। IPL 2026
तिलक वर्मा अब आईपीएल इतिहास में ऐसे कारनामे को अंजाम देने वाले नौवें बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले भी कुछ खिलाड़ी यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल कर चुके हैं, लेकिन पिछले छह साल से ऐसा कोई उदाहरण सामने नहीं आया था। आईपीएल में आखिरी बार यह कमाल 2020 में देखने को मिला था, जब केएल राहुल ने पंजाब की ओर से खेलते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ नाबाद शतक जड़ा था। उस मैच में भी राहुल का व्यक्तिगत स्कोर विपक्षी टीम के पूरे स्कोर से ज्यादा रहा था। अब छह साल बाद तिलक वर्मा ने वही करिश्मा दोहराकर खुद को खास क्लब में शामिल कर लिया है। IPL 2026
विज्ञापन