
ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने CPL 2025 के फाइनल में गयाना अमेज़न वॉरियर्स को मात देते हुए इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ टीम ने अपना पांचवां CPL खिताब अपने नाम कर लिया और लीग की सबसे सफल टीम के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर दी। ये छठी बार था जब नाइट राइडर्स फाइनल तक पहुंचे और उनमें से 5 बार खिताब जीतकर उन्होंने अपने दबदबे का लोहा मनवाया। पिछले खिताबों की लिस्ट भी इम्प्रेसिव है — 2015, 2017, 2018, 2020 और अब 2025 में। हर जीत के साथ ट्रिनबागो की कहानी उत्साह और रोमांच से भरी रही है। CPL 2025 Final
दूसरी ओर, गयाना अमेज़न वॉरियर्स ने CPL के फाइनल में आठवीं बार अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन खिताब की तलाश इस बार भी अधूरी रही। इतिहास में अब तक केवल एक बार चैंपियन बन सकी ये टीम, फाइनल में सातवीं बार हार का सामना कर चुकी है। फाइनल में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी गयाना ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 130 रन बनाए। टीम की ओर से पाकिस्तान के इफ्तिखार अहमद ने 30 रन बनाकर संघर्षपूर्ण पारी खेली। वहीं, ट्रिनबागो की गेंदबाजी की अहम कड़ी बने सौरभ नेत्रवलकर, जिन्होंने 3 विकेट लेकर नाइट राइडर्स को जीत की राह पर आगे बढ़ाया।
गयाना की पारी के दौरान ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के कप्तान काइरन पोलार्ड ने T20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया। पोलार्ड अब 400 या उससे अधिक कैच लेने वाले पहले T20 खिलाड़ी बन गए हैं। फाइनल में उन्होंने चार कैच लपके, जिनमें उनका तीसरा कैच उनका 400वां T20 कैच साबित हुआ। अब पोलार्ड के कुल कैच की संख्या 401 हो चुकी है, जो उनके शानदार फील्डिंग करियर का प्रतीक है। खिताब की राह में ट्रिनबागो को 131 रन का लक्ष्य हासिल करना था, जिसे उन्होंने 18 ओवर में 7 विकेट खोकर 133 रन बनाकर दो ओवर पहले ही पूरा कर लिया। इस जीत के साथ नाइट राइडर्स ने CPL 2025 का खिताब न केवल अपने नाम किया, बल्कि रोमांच और दबदबे के साथ इसे अपनी ताकत भी साबित किया। CPL 2025 Final