आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने उन्हें रातोंरात सुर्खियों का केंद्र बना दिया है। कम उम्र, बड़ा मंच और सामने अनुभवी गेंदबाज, लेकिन वैभव के इरादों में कहीं भी झिझक नजर नहीं आई।

IPL 2026 : आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों में वैभव सूर्यवंशी ने जिस अंदाज में बल्लेबाजी की है, उसने उन्हें रातोंरात सुर्खियों का केंद्र बना दिया है। कम उम्र, बड़ा मंच और सामने अनुभवी गेंदबाज, लेकिन वैभव के इरादों में कहीं भी झिझक नजर नहीं आई। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा स्टार ने 20 साल से पहले आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाकर यह जता दिया कि वह सिर्फ एक उभरता खिलाड़ी नहीं, बल्कि आने वाले वक्त का बड़ा नाम बन सकते हैं।
गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की ओर से बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने शुरुआत से ही आक्रामक इरादे दिखा दिए। सामने मुंबई इंडियंस की मजबूत गेंदबाजी थी और पहली चुनौती थे जसप्रीत बुमराह, लेकिन वैभव ने बिना किसी दबाव के उनकी पहली ही गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचा दिया। इस एक शॉट ने बता दिया कि यह युवा बल्लेबाज बड़े मंच के लिए पूरी तरह तैयार है। वैभव ने महज 14 गेंदों पर 39 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में एक चौका और पांच शानदार छक्के शामिल रहे। उनकी तेजतर्रार बल्लेबाजी ने राजस्थान को मजबूत शुरुआत दिलाई और मैच का रुख शुरुआती ओवरों में ही बदल दिया।
इस विस्फोटक पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी ने एक बड़ा कीर्तिमान भी अपने नाम कर लिया। अब वह 20 साल की उम्र से पहले आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने ईशान किशन और ऋषभ पंत जैसे बड़े नामों को पीछे छोड़ दिया है।