विज्ञापन
आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी पारी नहीं, बल्कि उनका एक मजेदार और दिल छू लेने वाला अंदाज है।

IPL 2026 : आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बना चुके राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी पारी नहीं, बल्कि उनका एक मजेदार और दिल छू लेने वाला अंदाज है। राजस्थान रॉयल्स ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विकेटकीपर-बल्लेबाज जितेश शर्मा के बीच हल्की-फुल्की बातचीत नजर आती है। यह वीडियो सामने आते ही तेजी से वायरल हो गया और फैंस को दोनों खिलाड़ियों की बॉन्डिंग खूब पसंद आ रही है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि जितेश शर्मा पहले वैभव सूर्यवंशी से गले मिलते हैं और फिर उनके बल्ले को हाथ में लेकर मजाकिया अंदाज में उसे मांगने लगते हैं। इस पर वैभव थोड़े हैरान होकर मुस्कुराते हैं और कहते हैं, “अरे भाई, आप क्यों ले रहे हो?” इसके बाद वह मजाक में कहते हैं कि उनकी टीम में इतने बल्लेबाज हैं, फिर उनसे बल्ला क्यों नहीं लेते। जवाब में जितेश शर्मा भी हंसते हुए कहते हैं कि उन्हें वही बल्ला चाहिए। बातचीत आगे बढ़ती है तो वैभव सूर्यवंशी कहते हैं, “मैंने बोला ना, आईपीएल के बाद दे दूंगा, फिर भी आपको अभी चाहिए।” इस मजेदार संवाद से साफ हो गया कि वैभव ने जितेश शर्मा को अपना बल्ला देने का वादा कर दिया है। हालांकि यह खास तोहफा उन्हें टूर्नामेंट खत्म होने के बाद ही मिलेगा।
वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन इस सीजन में शानदार रहा है। उन्होंने आईपीएल 2026 के शुरुआती तीन मुकाबलों में ही 122 रन बनाकर अपनी प्रतिभा का जोरदार परिचय दे दिया है। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने 52 रन की प्रभावशाली पारी खेली थी। इसके बाद गुजरात के खिलाफ 31 रन बनाए, जबकि मुंबई के खिलाफ 39 रन की तेजतर्रार पारी से एक बार फिर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। खासतौर पर जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी गेंदबाज के खिलाफ लगाए गए दो छक्कों ने उनकी निडर बल्लेबाजी को साबित किया।
शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव सूर्यवंशी अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैदान पर उतरने की तैयारी में हैं। फैंस को उम्मीद है कि युवा बल्लेबाज एक बार फिर अपने बल्ले से कमाल दिखाएंगे। फिलहाल, उनके प्रदर्शन के साथ-साथ जितेश शर्मा को दिए जाने वाले इस खास बल्ले की चर्चा भी क्रिकेट प्रेमियों के बीच बनी हुई है। IPL 2026
विज्ञापन