क्रिस गेल ने बताई IPL छोड़ने के पीछे की सच्चाई, फैंस हुए भावुक
भारत
चेतना मंच
08 Sep 2025 02:32 PM
आईपीएल इतिहास के सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक क्रिस गेल ने हाल ही में ऐसा खुलासा किया है जिसने फैंस और क्रिकेट जगत को चौंका दिया है। क्रिस गेल ने बताया कि पंजाब किंग्स में बिताया गया समय उनके लिए बेहद मानसिक रूप से तकलीफदेह रहा, यहां तक कि क्रिस गेल ने खुद को डिप्रेशन की ओर बढ़ता हुआ महसूस किया। Chris Gayle
“जैसे मेरी कोई इज्जत ही नहीं थी…”
एक इंटरव्यू के दौरान क्रिस गेल ने बताया कि पंजाब किंग्स के साथ रहते हुए उन्हें कभी वो सम्मान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे। उन्होंने कहा, “पंजाब किंग्स में मुझे ऐसा महसूस कराया गया जैसे मैं कोई बच्चा हूं। मुझे एक सीनियर खिलाड़ी की तरह ट्रीट नहीं किया गया।” गेल ने साफ कहा कि इस टीम में उनके साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ वो उनके लिए पहली बार मानसिक रूप से झकझोर देने वाला अनुभव था।
कोच अनिल कुंबले से बात करते हुए रो पड़े थे गेल
गेल ने बताया कि जब हालात बर्दाश्त के बाहर हो गए, तो उन्होंने टीम के तत्कालीन कोच अनिल कुंबले को फोन किया और अपने मन की बात साझा की। “मैंने उन्हें बताया कि मैं टीम छोड़ रहा हूं। बायो बबल का माहौल पहले ही परेशान कर रहा था और टीम के अंदर का माहौल और भी ज़्यादा तोड़ने वाला था। मैं बात करते-करते रो पड़ा।” गेल ने बताया कि इस मुश्किल समय में उन्हें कप्तान केएल राहुल का भी कॉल आया था लेकिन तब तक उन्होंने टीम छोड़ने का फैसला कर लिया था।
IPL छोड़ने का फैसला क्यों लिया?
साल 2021 के आईपीएल सीजन में क्रिस गेल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। वो 21.44 की औसत से केवल 193 रन बना पाए और प्लेइंग इलेवन से ड्रॉप कर दिए गए। लेकिन गेल का कहना है कि सिर्फ फॉर्म की बात नहीं थी उन्हें लगातार अनदेखा और असम्मानित किया जा रहा था जिससे उन्होंने खुद को टीम से अलग करने का फैसला लिया। पंजाब किंग्स के लिए शानदार रिकॉर्ड के बावजूद मिली निराशा क्रिस गेल ने पंजाब किंग्स के लिए 2018 से 2021 तक खेला और तीन सीजन में शानदार प्रदर्शन किया। 2018 में 368 रन (औसत 40+), 2019 में 490 रन (औसत 40+) और 2020 में 288 रन (औसत 41+)। गेल ने कहा कि इन आंकड़ों के बावजूद टीम के भीतर उन्हें जिस तरह से ट्रीट किया गया वह उन्हें आज भी खलता है।
क्रिस गेल ने आईपीएल में कुल 142 मैचों में 4965 रन बनाए हैं जिसमें उनका औसत लगभग 40 और स्ट्राइक रेट 148+ रहा। उन्होंने 6 शतक लगाए हैं जो आज भी एक रिकॉर्ड की तरह देखा जाता है। Chris Gayle