
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 अपने रोमांचक चरम पर पहुंच चुका है। भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलिया को सेमीफाइनल में 5 विकेट से हराकर इतिहास रचते हुए फाइनल में प्रवेश किया है, जबकि साउथ अफ्रीका ने इंग्लैंड को करारी मात देकर खिताबी जंग में कदम रखा है। अब 2 नवंबर को नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में दोनों टीमें पहली बार विश्व चैम्पियन बनने के लिए भिड़ेंगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे से शुरू होगा। खास बात यह है कि भारत और साउथ अफ्रीका दोनों ही टीमें अब तक महिला वर्ल्ड कप का खिताब नहीं जीत सकी हैं। यानी इस बार जो भी टीम जीतेगी, वो इतिहास के पन्नों में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो जाएगी। ICC Women's Cricket World Cup 2025
मौसम की बात करें तो फाइनल मुकाबले पर बारिश का खतरा बना हुआ है। AccuWeather के मुताबिक, 2 नवंबर को नवी मुंबई में करीब 63 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। सुबह बादलों के साथ शुरू होने वाला दिन दोपहर तक धूप और बादलों के बीच आंख-मिचौली के साथ बीत सकता है, और मैच के दौरान बारिश का हस्तक्षेप संभव है।
अगर रविवार को बारिश के कारण फाइनल पूरा नहीं हो पाता, तो क्रिकेट फैंस को घबराने की जरूरत नहीं है। आईसीसी ने फाइनल के लिए रिजर्व डे (3 नवंबर) निर्धारित किया है। यानी अगर रविवार को कम से कम 20-20 ओवर का खेल नहीं हो पाता, तो मुकाबला अगले दिन वहीं से आगे बढ़ाया जाएगा जहां रुका था। हालांकि राहत की बात यह नहीं कि 3 नवंबर को भी बारिश की 55% संभावना जताई गई है। अगर रिजर्व डे पर भी मैच पूरा नहीं हो पाता और 20-20 ओवर का खेल नहीं हो सका, तो नियमों के मुताबिक भारत और साउथ अफ्रीका को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा।ऐसा ही एक उदाहरण साल 2002 में देखने को मिला था, जब आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत और श्रीलंका को संयुक्त विजेता घोषित किया गया था।
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, अमनजोत कौर, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), राधा यादव, क्रांति गौड़, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, हरलीन देओल, उमा छेत्री (विकेटकीपर)।
लौरा वोलवॉर्ड (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लुस, एनेरी डर्कसेन, एनेके बॉश, मारिजाने कैप, सिनालो जाफ्ता (विकेटकीपर), क्लो ट्रायोन, नादिन डिक्लर्क, अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा, तुमी सेखुखुने, नोंदुमिसो शांगसे, कराबो मेसो, मसाबाता क्लास। ICC Women's Cricket World Cup 2025