Wrestlers Protest : योगेश्वर को बृजभूषण के ‘पिछलग्गू’ के तौर पर याद किया जाएगा : विनेश फोगाट
Yogeshwar will be remembered as 'Pichlaggu' of Brijbhushan: Vinesh Phogat
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 01:34 PM
नयी दिल्ली। शीर्ष भारतीय पहलवान विनेश फोगाट ने शुक्रवार को कहा कि कुश्ती जगत योगेश्वर दत्त को भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के ‘पिछलग्गू’ के रूप में याद रखेगा। इससे पहले लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता योगेश्वर ने एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप ट्रायल से उन्हें और पांच अन्य पहलवानों को दी गई छूट पर सवाल उठाया था।
Wrestlers Protest
तुम जालिम के हक में खड़े हो
विनेश ने ट्विटर पर लिखा कि कुश्ती जगत को आपका बृजभूषण के तलवे चाटना हमेशा याद रहेगा। महिला पहलवानों को तोड़ने में इतना जोर मत लगाओ, बहुत पक्के इरादे हैं इनके। ध्यान रखना कहीं ज्यादा जोर लगवाने से कमर न टूट जाए। रीढ़ तो पहले ही बृजभूषण के पैरों में रख चुके हो। तुम बहुत संवेदनहीन इंसान हो। जालिम के हक में खड़े हो, उसकी चापलूसी कर रहे हो।
जयचंद की तरह है योगेश्वर
एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में कई बार पदक जीत चुकी विनेश ने योगेश्वर की तुलना जयचंद से करते हुए कहा कि जब तक कुश्ती में योगेश्वर जैसे जयचंद रहेंगे, यकीनन जालिमों के हौसले बुलंद रहेंगे। इतिहास में कन्नौज के राजा जयचंद को पृथ्वीराज चौहान को हराने के लिए मोहम्मद गौरी के साथ साजिश रचने के लिए याद किया जाता है। विनेश ने इसके साथ ही योगेश्वर पर कई गंभीर आरोप लगाये। योगेश्वर डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच करने के लिए खेल मंत्रालय द्वारा नियुक्त छह सदस्यीय समिति का हिस्सा थे।
महिला पहलवानों की आपबीती सुनकर हंस रहा था
विनेश ने लिखा कि योगेश्वर दत्त का वीडियो सुना तो उसकी वह घटिया हंसी दिमाग में अटक गई। वह महिला पहलवानों के लिए बनी दोनों समितियों का हिस्सा था। जब समिति के सामने महिला पहलवान अपनी आपबीती बता रही थीं तो वह बहुत घटिया तरह से हंसने लगता। जब दो महिला पहलवान पानी पीने के लिए बाहर आयीं तो बाहर आकर उनको कहने लगा कि बृजभूषण का कुछ नहीं होगा, जाकर अभ्यास करो।
समझौते करने और आरोप वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप
विनेश ने यह भी आरोप लगाया कि योगेश्वर ने महिला पहलवानों से समझौता करने और बृजभूषण के खिलाफ आरोप वापस लेने के लिए कहा। उन्होंने दावा किया कि एक दूसरी महिला पहलवान को बड़े भद्दे तरीके से बोला कि ये सब तो चलता रहता है। इसको इतना बड़ा मुद्दा मत बनाओ। कुछ चाहिए हो तो मुझे बताओ। विनेश ने कहा कि समिति की बैठक के बाद योगेश्वर ने महिला पहलवानों के नाम बृजभूषण और मीडिया में बता दिये। उसने कई महिला पहलवानों के घर फोन करके यह भी कहा कि अपनी लड़की को समझा लो। वह पहले ही सरेआम महिला पहलवानों के खिलाफ बयान दे रहा था, उसके बावजूद उसे दोनों समितियों में रखा गया।
गद्दार और जहरीला नाग है योगेश्वर
विनेश ने कहा कि वह पहलवानों और कोचों को महिला पहलवानों के आंदोलन में शामिल होने से लगातार रोकता रहा। सारा कुश्ती जगत समझ गया था कि योगेश्वर बृजभूषण की थाली का झूठा खा रहा है। उन्होंने योगेश्वर पर भारतीय सेना के जवानों, छात्रों और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के बारे में अशोभनीय टिप्पणी करने का आरोप लगाया। विनेश ने कहा कि योगेश्वर कोई चुनाव नहीं जीत पाए, क्योंकि वह गद्दार और ‘जहरीला नाग’ है।
उन्होंने कहा कि तुम समाज से गद्दारी के कारण ही दो बार चुनाव में औंधे मुंह गिरे हो। मैं दावा करती हूं कि कभी जिंदगी में चुनाव नहीं जीतोगे, क्योंकि समाज जहरीले नाग से हमेशा सावधान रहता है और उसे कभी पैर नहीं लगने देता। विनेश ने योगेश्वर को चेतावनी दी कि बेहतर होगा कि वह महिला पहलवानों की मानसिक दृढ़ता को तोड़ने की कोशिश न करें, क्योंकि उन्हें उनके जैसे असंवेदनशील व्यक्ति नहीं हरा सकता है।
देश विदेशकी खबरों से अपडेट रहने लिएचेतना मंचके साथ जुड़े रहें।देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।