
केंद्र सरकार ने कार्यस्थल पर साइबर सुरक्षा खतरे को लेकर एक अहम चेतावनी जारी की है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सलाह दी है कि ऑफिस के लैपटॉप या कंप्यूटर पर WhatsApp का इस्तेमाल न करें, क्योंकि यह आपकी निजी जानकारी को कंपनी के हाथों में पहुंचा सकता है। सरकार के मुताबिक, भले ही ऑफिस डिवाइस से पर्सनल चैट या फाइलें एक्सेस करना आसान लगता हो, लेकिन ऐसा करने से आपके संदेश, दस्तावेज़ और व्यक्तिगत डेटा, आईटी टीम ( IT Team ) या सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर ( System Administrator ) तक पहुंच सकता है। यह खतरा मैलवेयर, स्क्रीन मॉनिटरिंग टूल या ब्राउज़र हाईजैकिंग जैसी तकनीकों के जरिये बढ़ जाता है। WhatsApp Web
सूचना सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि WhatsApp Web अब कंपनियों के लिए सबसे बड़ा ‘साइबर खतरे का दरवाजा’ बन चुका है। कई संगठनों ने इसे संभावित सुरक्षा जोखिम की सूची में शामिल कर लिया है, क्योंकि यह प्लेटफ़ॉर्म हैकर्स के लिए मैलवेयर और फिशिंग अटैक का आसान रास्ता खोल देता है। एक बार ऑफिस नेटवर्क में सेंध लगने पर पूरा कॉर्पोरेट सिस्टम खतरे में आ सकता है। इतना ही नहीं, ऑफिस वाई-फाई से कनेक्ट होते ही कंपनी आपके मोबाइल डिवाइस के कुछ हिस्सों तक पहुंच बना सकती है, जिससे संवेदनशील चैट, दस्तावेज़ और निजी डेटा लीक होने की आशंका कई गुना बढ़ जाती है।
अगर किसी वजह से ऑफिस लैपटॉप पर WhatsApp Web चलाना जरूरी हो, तो ये सावधानियां अपनाएं—
सत्र खत्म होते ही WhatsApp Web से तुरंत लॉगआउट करें।
अजनबी लिंक या अटैचमेंट पर क्लिक करने से पहले पूरी तरह सुनिश्चित हो जाएं। WhatsApp Web