खौफनाक गुड़िया एनाबेल का कहर? साथ लेकर सफर कर रहे मशहूर पैरानॉर्मल एक्सपर्ट की संदिग्ध मौत
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 12:06 AM
अमेरिका में एक बार फिर खौफनाक गुड़िया एनाबेल सुर्खियों में है। इस बार चर्चा का कारण बनी है मशहूर पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर डैन रिवेरा की अचानक और रहस्यमयी मौत। डैन, जो अमेरिका के न्यू इंग्लैंड सोसाइटी फॉर साइकिक रिसर्च (NESPR) से जुड़े वरिष्ठ जाँचकर्ता थे, 54 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह गए। लेकिन उनकी मौत सामान्य नहीं मानी जा रही—क्योंकि वे उस समय प्रेतवाधित मानी जाने वाली गुड़िया एनाबेल के साथ यात्रा कर रहे थे।
एनाबेल के साथ था ‘डेविल्स ऑन द रन’ टूर
डैन रिवेरा, 'डेविल्स ऑन द रन टूर' नामक एक घोस्ट टूर कार्यक्रम के लिए पेंसिल्वेनिया के गेटिसबर्ग शहर पहुंचे थे। यह आयोजन "घोस्टली इमेजेस ऑफ गेटिसबर्ग टूर्स" द्वारा आयोजित किया गया था और इसका मुख्य केंद्र था सोल्जर्स नेशनल ऑर्फनेज, जो खुद एक रहस्यमयी और कथित रूप से भूतिया स्थान माना जाता है।
टूर के दौरान ही डैन अचानक बेहोश हो गए। मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें सीपीआर (CPR) देने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनकी मौत का असली कारण क्या था।
कौन थे डैन रिवेरा?
डैन रिवेरा पैरानॉर्मल जगत में एक जाना-पहचाना नाम थे। वे सिर्फ एक जाँचकर्ता नहीं थे, बल्कि अमेरिकी आर्मी के पूर्व सैनिक भी थे। पिछले 10 वर्षों से वे NESPR संस्था के साथ मिलकर भूत-प्रेतों और अलौकिक घटनाओं की गहराई से जांच कर रहे थे। वे कई रिसर्च टूर, डॉक्युमेंट्री और लाइव शो में हिस्सा ले चुके थे।
एनाबेल की डरावनी कहानी
एनाबेल कोई आम गुड़िया नहीं है। इसे पहली बार 1970 में कनेक्टिकट की एक नर्सिंग छात्रा डोना को उपहार में दिया गया था। लेकिन जल्द ही इस गुड़िया के आसपास अजीब घटनाएं होने लगीं। कहा जाता है कि यह गुड़िया खुद चलती थी, दरवाज़े खोलती थी और अपार्टमेंट के लोगों का पीछा भी करती थी।
कुछ दावे तो ऐसे हैं जो रूह कंपा देते हैं—जैसे, एनाबेल ने एक पुलिस अफसर पर हमला किया, और एक पादरी के साथ गाड़ी का एक्सीडेंट करवाया। लोगों का मानना है कि इस गुड़िया में एक 6 साल की मृत बच्ची एनाबेल की आत्मा है, जबकि NESPR का कहना है कि यह एक राक्षसी आत्मा है जो इंसानों को छलने के लिए बच्ची का रूप धारण करती है।
क्या एनाबेल आज भी सक्रिय है?
डैन रिवेरा की अचानक हुई मौत के बाद फिर से सवाल उठ रहे हैं—क्या एनाबेल अब भी सक्रिय है? क्या यह मौत महज एक संयोग है या किसी अदृश्य ताकत का इशारा? फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इतना जरूर है कि लोगों के बीच डर और जिज्ञासा दोनों तेजी से बढ़ रहे हैं।
पब्लिक ब्रॉडकास्टिंग पर चला अमेरिकी सत्ता का चाकू, दो रिपब्लिकन भी आए विरोध में