91.57 मीटर के तूफान में हारा भारत का शेर, जूलियन वेबर बने चैंपियन
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 05:20 PM
भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को एक बार फिर डायमंड लीग फाइनल में दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। जर्मनी के जूलियन वेबर ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 91.57 मीटर का थ्रो कर अपना पहला डायमंड लीग खिताब जीत लिया। Neeraj Chopra
लगातार तीसरी बार उपविजेता बने नीरज
नीरज चोपड़ा ने 2022 में डायमंड लीग ट्रॉफी अपने नाम की थी, लेकिन इसके बाद से 2023, 2024 और अब 2025 में भी उन्हें दूसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा है। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज इस बार अपनी लय में नहीं दिखे और छह में से तीन प्रयासों में फाउल कर बैठे।
आखिरी में संभाली रैंकिंग
प्रतियोगिता की शुरुआत में नीरज ने 84.35 मीटर का थ्रो किया और तीसरे स्थान पर रहे। इसके बाद उन्होंने दो फाउल किए और फिर पांचवें प्रयास में भी कोई खास थ्रो नहीं कर पाए। आखिरी यानी छठे राउंड में 85.01 मीटर का थ्रो कर उन्होंने त्रिनिदाद एंड टोबैगो के केशोर्न वाल्कॉट (84.95 मीटर) को पछाड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
दो बार पार किया 91 मीटर का आंकड़ा
जूलियन वेबर ने मुकाबले में शुरुआत से ही दबदबा बना लिया था। उनका पहला थ्रो 91.37 मीटर और दूसरा थ्रो 91.57 मीटर (पर्सनल बेस्ट) रहा। इसके बाद भी उन्होंने 83.66, 86.45 और 88.66 मीटर जैसे थ्रो किए, जिससे साफ हो गया कि वे इस बार ट्रॉफी के सबसे प्रबल दावेदार हैं। पूरे मुकाबले में कोई भी अन्य खिलाड़ी 90 मीटर के पास भी नहीं पहुंच सका।
नीरज इस बार फॉर्म में नहीं दिखे
नीरज चोपड़ा अपनी लगातार 88+ मीटर थ्रो के लिए जाने जाते हैं, लेकिन इस बार वह अपने बेस्ट से काफी दूर नजर आए। उनके थ्रो इस तरह रहे-
पहला प्रयास: 84.35 मीटर
दूसरा प्रयास: फाउल
तीसरा प्रयास: फाउल
चौथा प्रयास: 82.00 मीटर
पांचवां प्रयास: फाउल
छठा प्रयास: 85.01 मीटर
नीरज चोपड़ा अब अपने अगले बड़े मिशन की तैयारी में जुटेंगे। अगले महीने सितंबर में टोक्यो में होने जा रही वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में वह अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगे। Neeraj Chopra