MP News : भोपाल में मेडिकल कॉलेज से पीजी कर रही महिला चिकित्सक ने छात्रावास में की आत्महत्या
Female doctor doing PG from Medical College in Bhopal committed suicide in hostel
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 08:48 PM
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी गांधी मेडिकल कॉलेज से शिशु रोग में स्नातकोत्तर कर रही महिला चिकित्सक आकांक्षा माहेश्वरी (24) ने छात्रावास में खुद को बेहोशी के इंजेक्शन लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने बृहस्पतिवार को दी। उन्होंने बताया कि आकांक्षा का शव हमीदिया अस्पताल स्थित गांधी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास में उसके कमरे से बरामद किया गया।
MP News
कोहेफिजा पुलिस थाना के प्रभारी विजय सिसौदिया ने बताया कि आकांक्षा ने बेहोशी की दवा के ढाई मिलीलीटर के चार इंजेक्शन लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने कहा कि पुलिस को मौके से दवा की खाली शीशी और सीरिंज मिली हैं। उन्होंने बताया कि आकांक्षा, गांधी मेडिकल कॉलेज, हमीदिया में शिशु रोग में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम की प्रथम वर्ष की छात्रा थी। आकांक्षा मध्यप्रदेश के ग्वालियर की रहने वाली थी और एक महीने पहले ही संस्थान में पीजी करने आई थी।
सिसौदिया ने कहा कि पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि वह मानसिक रूप से मजबूत नहीं है और तनाव बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उसने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है। यह कदम उठाने को लेकर अपने अभिभावकों से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि आकांक्षा ने बुधवार को सुबह करीब सात बजे अपने घर वालों को भी फोन किया था।
MP News
सिसौदिया ने कहा कि छात्रावास में रहने वाली अन्य छात्राओं ने पुलिस को बताया कि आकांक्षा के कमरे का दरवाजा बुधवार को सुबह से बंद था। शाम को जब उसकी साथी छात्राएं छात्रावास पहुंचीं तो दरवाजा बंद होने पर सुरक्षा गार्ड को उन्होंने इसकी जानकारी दी। गार्ड ने अस्पताल प्रबंधन को सूचित किया।
सिसौदिया ने बताया कि सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके कमरे का दरवाजा खुलवाया और उसे मृत पाया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।