
सहारनपुर। विश्व प्रसिद्ध इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम देवबंद (Darul Uloom deoband) की सुप्रीम पॉवर कमेटी मजलिस ए शुरा की तीन दिवसीय बैठक सम्पन्न हो गई। शूरा सदस्यों ने अहम फैसले लेते हुए संस्था का वार्षिक बजट 35 करोड़ 48 लाख रुपये पारित किया। साथ ही वरिष्ठ उस्ताद मुफ्ती राशिद आजमी को नायब मोहतमिम बनाने की घोषणा भी की। दारुल उलूम देवबंद के अतिथिगृह में पांचवें चरण के बाद सम्पन्न हुई तीन दिवसीय बैठक में शुरा सदस्यों ने कोरोना काल में प्रभावित हुई शिक्षा को सुदृढ बनाने समेत अन्य संस्था से जुड़े अहम फैसले लिए। शुरा सदस्यों के समक्ष पेश की गई विभिन्न विभागों की रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए संस्था का वार्षिक बजट निर्धारित किया गया, जिसमें करीब 4 करोड़ 48 लाख रुपये की बढ़ोत्तरी की गई। दारुल उलूम देवबंद (Darul Uloom deoband) के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक सम्भली के देहांत के बाद रिक्त हुए पद पर नई नियुक्ति करते हुए शुरा सदस्यों ने संस्था के वरिष्ठ उस्ताद मुफ्ती राशिद आजमी को नायब मोहतमिम बनाए जाने की घोषणा की। साथ ही अदनान उस्मानी के इंतिकाल के बाद खाली हुए पेशकार के पद पर मुफ्ती मोहम्मद रिहान उस्मानी की नियुक्ति की गई। संस्था के कर्मचारियों के स्केल ग्रेड में बढ़ोतरी के मसले पर चर्चा करते हुए कमेटी का गठन किया गया। जिसकी रिपोर्ट के आधार पर अगली शुरा की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। बैठक का समापन मौलाना हकीम कलीमुल्लाह की दुआ के साथ हुआ। बैठक में मोहतमिम मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी, जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी, मौलाना गुलाम रसूल वुस्तानवी, मौलाना अब्दुल अलीम फारूकी, मौलाना इस्माईल मालेगांव, मुफ्ती अहमद खानपुरी, मौलाना रहमतुल्लाह कश्मीरी, मौलाना अनवार रहमान, सैयद अंजर हुसैन मियां देवबंदी, मौलाना महमूद, मौलाना निजामुद्दीन, मौलाना आकिल सहारनुपरी, मौलाना हबीब अहमद, मुफ्ती मोहम्मद शफीक, मौलाना मोहम्मद आकिल मौजूद रहे।