श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ ने की 5 करोड़ की ठगी! हुआ बड़ा खुलासा
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:29 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
29 Nov 2025 07:29 PM
द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी में निवेश का झांसा देकर जिले के 500 से अधिक लोगों से करीब 5 करोड़ रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। एक साल से निवेशकों को रकम नहीं मिलने पर बागपत कोतवाली में सोसाइटी के 22 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। UP News
मीतली गांव निवासी बबली ने बताया कि बिजरौल गांव के एक युवक ने उन्हें सोसाइटी में निवेश के लिए प्रेरित किया। उसने खुद को भारत सरकार के कृषि मंत्रालय और सहकारी मंत्रालय में पंजीकृत बताया। बबली ने बागपत स्थित समालखा शाखा में 1.90 लाख रुपये की एफडी कराई जबकि लुहारी गांव की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समेत अन्य लोगों ने भी रुपये निवेश किए।
बबली ने आरोप लगाया कि 27 नवंबर 2024 को कंपनी ने लेनदेन का सॉफ्टवेयर बंद कर दिया। निवेशक समालखा स्थित कार्यालय पहुंचे लेकिन अधिकारियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। जांच में पता चला कि जिलेभर में 25 से अधिक एजेंटों के माध्यम से 500 से अधिक लोगों से निवेश कराए गए जो पांच करोड़ रुपये से अधिक हैं।
बताया जा रहा है कि, इस धोखाधड़ी में सोसाइटी के ब्रांड एंबेसडर अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोकनाथ भी आरोपी हैं। दोनों ने विभिन्न कार्यक्रमों में कंपनी का प्रमोशन किया। इसके अलावा कंपनी के एमडी समीर अग्रवाल और पीए पंकज अग्रवाल दुबई फरार हैं। बाकी 18 आरोपी कंपनी के एजेंट बताए गए हैं। कोतवाली पुलिस ने 22 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। UP News