चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले के दौरान श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। 6 से 11 नवंबर तक चलने वाले मेले में अलग-अलग शहरों और कस्बों से कुल 365 विशेष बसों का संचालन किया जाएगा।

UP News : दीपावली अमावस्या मेले में भगवान कामदगिरि की परिक्रमा और मंदाकिनी नदी में दीपदान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए परिवहन निगम 365 विशेष बसों का संचालन करेगा। छह से 11 नवंबर तक चलने वाले मेले के दौरान बांदा, महोबा, हमीरपुर, राठ, प्रयागराज और कानपुर समेत कई शहरों व कस्बों से चित्रकूट के लिए बसें उपलब्ध रहेंगी। वहीं, दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी की है। मानिकपुर जंक्शन पर सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के 100 जवान तैनात किए जाएंगे। बांदा डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक देशराज को मेला अधिकारी बनाया गया है। वहीं, चित्रकूट डिपो की संचालन व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए महोबा डिपो के डिपो प्रभारी प्रवीण कुमार को तैनात किया गया है। मेला अधिकारी देशराज ने बताया कि बांदा डिपो से 55, महोबा से 55, राठ से 40 और हमीरपुर डिपो से 25 बसें संचालित होंगी। प्रयागराज क्षेत्र से 140 और कानपुर क्षेत्र से 50 बसें चलाई जाएंगी।
यह भी पढ़ें : रमा एकादशी 5 नवंबर को, जानें पूजा का शुभ मुहूर्त, व्रत कथा और पारण का समय
बांदा से चित्रकूट के लिए 26 बसें, बबेरू से पांच, नरैनी और कमासिन से तीन-तीन तथा करतल, कालिंजर, बदौसा और भरतकूप से दो-दो बसें उपलब्ध रहेंगी। महोबा से 18, राजापुर से 10, कुलपहाड़ और सुमेरपुर से पांच-पांच, अतर्रा से चार और चरखारी से तीन बसें चलेंगी। इसके अलावा राठ से 15, मानिकपुर से पांच, सरीला और मुस्करा से तीन-तीन तथा पनवाड़ी और हरपालपुर से दो-दो बसें संचालित होंगी। हमीरपुर से नौ, जसपुरा से तीन तथा पैलानी, कदौरा, कुरारा और चिल्ला से दो-दो बसें चलाई जाएंगी। प्रयागराज से जीरो रोड के माध्यम से 140 बसें चित्रकूट आएंगी।
यह भी पढ़ें : गाजियाबाद की कुमार पैकर्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग, मच गई चीख पुकार
दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने मानिकपुर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने का निर्णय लिया है। स्टेशन परिसर, प्लेटफार्मों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ और जीआरपी के 100 जवान तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही स्टेशन पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराया जा रहा है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। आरपीएफ प्रभारी मोहम्मद शालिक और जीआरपी प्रभारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष निगरानी रखी जाएगी। आरपीएफ की ओर से सीसीटीवी कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां 24 घंटे उपनिरीक्षक की तैनाती रहेगी। स्टेशन परिसर से लेकर प्लेटफार्म और ट्रेनों तक सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी।
विज्ञापन