
UP News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में पाकिस्तान पर तीखा हमला बोलते हुए उसे उसके इतिहास के अंत की चेतावनी दी है। श्री हनुमत कथा मंडपम के लोकार्पण समारोह में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, “पाकिस्तान ने 75 वर्षों तक बहुत जीवन जी लिया, अब उसका समय समाप्त हो गया है।”
योगी आदित्यनाथ ने पाकिस्तान को चेताते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो न किसी को छेड़ता है, और न ही किसी की छेड़छाड़ सहता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो पाकिस्तान में बैठकर आतंक को पालते हैं, वही एक दिन खुद उस आतंक की आग में जल जाएंगे।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या का कायाकल्प हो चुका है। पहले यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी थी, लेकिन अब यह शहर विश्वमान्य आध्यात्मिक केंद्र बन चुका है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण के क्रम को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पाकिस्तान का कोई आध्यात्मिक अस्तित्व नहीं है। और जिसका अस्तित्व कृत्रिम होता है, उसकी आयु सीमित होती है। पाकिस्तान अब अपनी समाप्ति के कगार पर है।”
शहीद जवानों का स्मरण करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय सुरक्षाबल जिस कठोरता से आतंकवादियों का सफाया कर रहे हैं, वह देश को गौरवान्वित करता है। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार शहीदों के परिवारों को आर्थिक सहायता, नौकरी और स्मारक के निर्माण की सुविधा देती है।
सीएम योगी ने लोगों से अपील की कि वे उन छद्म रूप से छिपे लोगों को चिन्हित करें जो भारत की सुरक्षा और सनातन संस्कृति को बाधित करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखनी चाहिए और प्रशासन को समय रहते सूचित करना चाहिए। UP News