विज्ञापन
UP News : बस में लगी आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।

UP News: मेरठ में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक एसी बस अचानक आग के गोले में बदल गई। यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई। बस में लगी आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।
हादसा दौराला थाना क्षेत्र के दादरी फ्लाईओवर के पास हुआ। राजस्थान रोडवेज की डबल डेकर एसी बस (RJ14PF 2607) जयपुर से हरिद्वार जा रही थी। बस में कुल 26 यात्री सवार थे।
ड्राइवर राजेंद्र कुमार ने बताया, "हम रात 10 बजे जयपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुए थे। मेरे साथ परिचालक रामकुमार हुड्डा भी थे। सुबह करीब 7:10 बजे जब बस मेरठ-मुजफ्फरनगर बॉर्डर के पास दादरी फ्लाईओवर से उतर रही थी, तभी पीछे से धुआं उठने लगा। शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई थी। एक बाइक सवार ने भी इशारा करके बताया कि बस के पीछे धुआं निकल रहा है।"
ड्राइवर ने तुरंत बस को साइड में लगाया। जैसे ही बस रुकी, यात्री दरवाजे और खिड़कियों से कूदकर बाहर निकलने लगे। सभी यात्रियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद ड्राइवर और परिचालक ने पीछे की डिग्गी से सामान निकालने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन वहां पहुंचने में 20-25 मिनट लग गए। तब तक बस पूरी तरह से आग की चपेट में आ चुकी थी और जलकर राख हो गई।
फायर विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सभी यात्रियों को बाद में दूसरी बस से हरिद्वार भेज दिया गया। UP News
विज्ञापन