रक्षाबंधन से पहले गोंडा में खाद्य विभाग का सघन अभियान, 22 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। 20 किलो सामग्री जब्त और 264 किलो खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए।

UP News: रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया और कई खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। अभियान के दौरान टीम ने तुलसीपुर मांझा से खोवा के दो, पनीर का एक और एसएमपी के दो नमूने लिए। इसके अलावा तरबगंज से गुलाब जामुन, बर्फी और कलाकंद के नमूने संकलित किए गए।
खाद्य विभाग की टीमों ने श्रीनगर और बाबागंज से छेना मिठाई के नमूने लिए। वहीं रगड़गंज से पेड़ा, गुलाब जामुन और बर्फी की जांच के लिए नमूने संकलित किए गए। कर्नलगंज से घी और आटा, मनकापुर से रसभरी तथा परसपुर से छेना मिठाई का नमूना लिया गया। विभाग के अनुसार रक्षाबंधन विशेष अभियान के तहत अब तक जिले में कुल 22 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा चुके हैं।
जांच अभियान के दौरान खाद्य विभाग की टीमों ने करीब 20 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा लगभग 264 किलोग्राम खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये है। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कहा कि अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है। खाद्य पदार्थों में मिलावट या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन को लेकर शुरू किया गया यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभागीय टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर नमूने लेने के साथ ही संदिग्ध और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई करेंगी। UP News:
विज्ञापन