हरिद्वार के बाद उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में औसानेश्वर मंदिर में भगदड़ से हड़कंप, दो श्रद्धालुओं की मौत, 29 घायल
Uttar Pradesh Samachar
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 11:44 AM
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ क्षेत्र स्थित प्राचीन औसानेश्वर महादेव मंदिर में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। सावन के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए जुटी भीड़ में उस समय भगदड़ मच गई जब मंदिर परिसर में अचानक करंट फैल गया। इस हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। Uttar Pradesh Samachar
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब दो बजे जलाभिषेक के दौरान अचानक बिजली के तार टूटकर मंदिर परिसर के टिन शेड पर गिर गए। इस घटना के चलते परिसर में करंट फैल गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ के चलते कई लोग दब गए और करंट की चपेट में आ गए।
बंदर के कूदने से टूटा बिजली का तार
बाराबंकी के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि मंदिर के पास कुछ बंदरों के बिजली के तार पर कूदने से तार टूट गया, जो सीधे मंदिर के शेड पर गिरा और करंट फैल गया। इसी कारण भगदड़ जैसी स्थिति बनी। घायलों को तत्काल हैदरगढ़ व त्रिवेदीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय समेत तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। मंदिर में अब हालात सामान्य है और दर्शन-पूजन जारी है।
हरिद्वार में भी मची थी भगदड़
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भी भगदड़ की खबर आई थी। वहां करंट फैलने की अफवाह के चलते मची भगदड़ में 8 श्रद्धालु मारे गए थे और कई घायल हुए थे। लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक लापरवाही और भीड़ प्रबंधन की विफलता की ओर इशारा करती हैं। सावन जैसे संवेदनशील धार्मिक अवसरों पर प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता और पुख्ता इंतजाम करने की आवश्यकता है।
यह भी पढ़ें : डिंपल यादव पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मौलाना पर केस, मस्जिद में सियासी बैठक को लेकर भी छिड़ा विवाद