सैंयारा फिल्म देखने के बाद लिव-इन पार्टनर सुसाइट केस की गुत्थी उलझी
UP News
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
24 Jul 2025 10:11 PM
उत्तर प्रदेश
RP Raghuvanshi
24 Jul 2025 10:11 PM
UP News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने हाल ही में रिलीज हुई सैंयारा फिल्म की चर्चा को एक नया मोड़ दे दिया। दरसअसल, फिल्म देखकर आए रावतपुर थाना क्षेत्र के ओम चौराहा इलाके में 23 वर्षीय लाखन शुक्ला ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से जांच कर रही है। इस घटना के बाद यशराज बैनर तले हाल में ही रिलीज फिल्म सैंयारा अपनी रोमांटिक कहानी और इमोशनल गहराई के लिए सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। थिएटर्स में प्रेमी-प्रेमिकाओं के रोते हुए रील्स इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे हैं।
लिव-इन रिलेशनशिप और सैंयारा का कनेक्शन?
मृतक लाखन शुक्ला बर्रा के जरौली इलाके का रहने वाला था और एक शादीशुदा महिला (28), के साथ काकादेव के एक हॉस्टल में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। गुनगुन का पति दिल्ली में रहता है और सूत्रों के अनुसार, उसका तलाक अभी तक नहीं हुआ है। गुनगुन काकादेव हॉस्टल में रहकर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही थी, जहां उसकी मुलाकात लाखन से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में लाखन और गुनगुन ने एक साथ सैंयारा फिल्म देखी थी। यह फिल्म एक गहरी प्रेम कहानी पर आधारित है, जिसमें प्रेमी जोड़े को सामाजिक बंधनों और व्यक्तिगत संघर्षों से जूझते हुए दिखाया गया है। फिल्म का क्लाइमेक्स, जहां प्रेमी अपनी भावनाओं के बोझ तले टूट जाता है, दर्शकों को भावुक कर देता है। बताया जा रहा है कि फिल्म देखने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ। परिजनों का मानना है कि इस विवाद ने लाखन को इतना आहत किया कि उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
शरीर पर नाखूनों के निशान, हत्या की आशंका
लाखन के परिजनों ने आत्महत्या की थ्योरी को खारिज करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका दावा है कि लाखन के शरीर पर नाखूनों के गहरे निशान मिले हैं, जो यह संकेत देते हैं कि मृत्यु से पहले उसकी किसी के साथ हाथापाई हुई थी। परिजनों ने गुनगुन पर शक जताया है और पुलिस से इसकी गहन जांच की मांग की है।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रावतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। गुनगुन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है। रावतपुर थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया, हम हर पहलू से जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजे आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है या हत्या। महिला से पूछताछ जारी है और परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
लाखन के पिता हलवाई का काम करते हैं और लाखन उनके व्यवसाय में सहयोग करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य थी और लाखन की मेहनत उनके लिए बड़ा सहारा थी। अचानक बेटे की मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों का कहना है कि लाखन ने पहले कभी ऐसी कोई परेशानी नहीं बताई थी, जिससे वह इतना बड़ा कदम उठाए।
सैंयारा का इमोशनल असर और सामाजिक बहस
फिल्म सैंयारा की कहानी में प्रेम और सामाजिक दबावों के बीच तनाव को दशार्या गया है, जो कई दर्शकों के लिए व्यक्तिगत स्तर पर गहरा असर छोड़ रही है। कानपुर की इस घटना ने फिल्म के इमोशनल प्रभाव को एक दुखद वास्तविकता से जोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर जहां फिल्म की तारीफ हो रही है, वहीं इस घटना ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या ऐसी कहानियां संवेदनशील लोगों पर गहरा मानसिक प्रभाव डाल सकती हैं। पुलिस इस मामले में गुनगुन के बयानों, फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई का पता लगाने में जुटी है। इस बीच, यह घटना न केवल कानपुर में बल्कि सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां लोग सैंयारा के इमोशनल कनेक्शन और इस त्रासदी को जोड़कर बहस कर रहे हैं।