UP News: रस्म पूरी होने के बाद परिवार शाम करीब चार बजे वापस लौट रहा था। रास्ते में नयागांव तिराहे पर पति शगुन की मिठाई खरीदने के लिए गाड़ी से उतर गया। उसने पत्नी से कहा कि वह परिवार के अन्य लोगों के साथ वहीं इंतजार करे।

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा से शादी के कुछ ही दिन बाद एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता अपने पति को बीच रास्ते में छोड़कर फरार हो गई। आरोप है कि महिला अपने साथ लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी ले गई। घटना उस समय हुई जब पति रास्ते में शगुन की मिठाई खरीदने के लिए रुका था। शादी के महज पांच दिन बाद हुई इस घटना के बाद पीड़ित पति ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और महिला की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह मामला आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र का है। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पिपरई गांव निवासी गिर्राज सिंह की शादी 20 जुलाई को पिनाहट क्षेत्र की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी के बाद पांच दिन बीतने पर पगफेरे की रस्म के लिए नवविवाहिता अपने पति और ससुराल के अन्य लोगों के साथ मायके गई थी। रस्म पूरी होने के बाद परिवार शाम करीब चार बजे वापस लौट रहा था। रास्ते में नयागांव तिराहे पर पति शगुन की मिठाई खरीदने के लिए गाड़ी से उतर गया। उसने पत्नी से कहा कि वह परिवार के अन्य लोगों के साथ वहीं इंतजार करे।
पति के मिठाई लेने जाने के कुछ देर बाद महिला ने शौच जाने की बात कही और वहां से निकल गई। काफी समय तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार वालों को शक हुआ। इसके बाद सभी लोगों ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। वहां मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर पता चला कि महिला एक लोडिंग मैक्स वाहन में बैठकर अर्नोटा की ओर चली गई। पति का आरोप है कि महिला जाते समय शादी में मिले सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी अपने साथ ले गई।
घटना के बाद पीड़ित पति ने पिनाहट थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उसने पत्नी पर जेवर और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसीपी पिनाहट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला की तलाश के साथ-साथ शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।
विज्ञापन