चंदौली में गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ने पर डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने निरीक्षण किया। अहिरौरा डैम से बिना सूचना पानी छोड़े जाने पर नाराजगी जताई और किसानों को मुआवजे के निर्देश दिए।

UP News : उत्तर प्रदेश के चंदौली में गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने शनिवार को विकासखंड सदर के बबुरी रोड स्थित पड़यां गांव के पास नदी का निरीक्षण किया। उन्होंने जलस्तर और पानी की निकासी की स्थिति देखी और अधिकारियों को जलभराव वाले इलाकों में तत्काल जरूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर ने डीएम को बताया कि गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ने की एक प्रमुख वजह मिर्जापुर के अहिरौरा डैम से बिना पूर्व सूचना अधिक मात्रा में पानी छोड़ा जाना है। इस पर जिलाधिकारी ने एक्सईएन चंद्रप्रभा और उपजिलाधिकारी सदर के प्रति नाराजगी जताई। UP News :
डीएम ने तत्काल अहिरौरा डैम के एक्सईएन से फोन पर बात की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगे से चंद्रप्रभा और सदर क्षेत्र के अधिकारी अहिरौरा डैम के अधिकारियों के लगातार संपर्क में रहें। उन्होंने निर्देश दिया कि डैम से छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा की जानकारी समय रहते जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए। इससे नदी का जलस्तर बढ़ने की स्थिति में लोगों को पहले से सतर्क किया जा सकेगा और संभावित नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर और एक्सईएन चंद्रप्रभा को निर्देश दिया कि नदी के पानी की निकासी में जहां भी किसी तरह की बाधा है, वहां तत्काल मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में पानी की निकासी की प्रभावी व्यवस्था कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। UP News :
डीएम ने अधिकारियों को बारिश और बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लेखपालों के माध्यम से फसलों की क्षति का सर्वे और सत्यापन कराया जाए। प्रभावित किसानों की फसल क्षति का चिन्हांकन करने के साथ ही नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने कहा कि चंदौली के अन्य क्षेत्रों में भी जलभराव या बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का सत्यापन कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की सेवा करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जलभराव और बाढ़ की स्थिति में प्रभावित लोगों को राहत दिलाने के लिए पूरी गंभीरता से काम किया जाए। UP News :
विज्ञापन