क्या आपका खोया हुआ मोबाइल फोन भी वापस मिल सकता है ? उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है।

UP News : उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर में पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सर्विलांस टीम ने तकनीकी जांच और आधुनिक संसाधनों की मदद से 185 मोबाइल फोन खोज निकाले हैं। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में बरामद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई गई है। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को फोन वापस मिलने से बड़ी राहत मिली। मोबाइल मिलने पर कई लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।
यह भी पढ़ें :दीपावली मेले में चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, दो राज्यों ने मिलकर संभाली कमान
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में मोबाइल बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक देवेश चतुर्वेदी का मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सर्विलांस अरुण कुमार नौहवार का पर्यवेक्षण रहा। अधिकारियों के निर्देश पर सर्विलांस टीम ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए तकनीकी जांच को प्राथमिकता दी।मोबाइल फोन की तलाश के लिए सर्विलांस सेल ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों और जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों को आधार बनाया। टीम ने मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर और पोर्टल से मिली तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण किया। इसके बाद मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाकर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।
इस प्रक्रिया के तहत कुल 185 मोबाइल फोन बरामद किए गए। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।
इसे भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश क शिक्षकों के लिए बड़ा मौका, इन दो पुरस्कारों के आवेदन जल्द शुरू
अम्बेडकरनगर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने या चोरी होने पर देरी न करें। तत्काल नजदीकी थाने में इसकी सूचना दें और केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल (ceir.gov.in) पर अपने मोबाइल का आईएमईआई नंबर दर्ज कर उसे ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। पुलिस ने लोगों को यह भी सलाह दी है कि किसी अनजान व्यक्ति से बिना वैध बिल के पुराना मोबाइल फोन न खरीदें। ऐसा करने से चोरी के मोबाइल की खरीद-फरोख्त से बचा जा सकता है।े
विज्ञापन