अमेठी के भेंटुआ में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के 9 पदों पर भर्ती शुरू हो गई है। महिला अभ्यर्थी 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। जानें पात्रता और चयन प्रक्रिया।

UP News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भर्ती का रास्ता साफ हो गया है। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने भेंटुआ बाल विकास परियोजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्री के नौ रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन पदों के लिए पात्र महिला अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। सीडीपीओ सत्यजीत की ओर से उपलब्ध कराए गए आरक्षण विवरण के अनुसार नौ पदों में तीन पद अनुसूचित जाति, पांच पद अन्य पिछड़ा वर्ग और एक पद अनारक्षित श्रेणी के लिए निर्धारित किया गया है।
अनुसूचित जाति श्रेणी के लिए अमेयेमाफी-1, हारीपुर और पश्चिम दुआरा आंगनबाड़ी केंद्र पर एक-एक पद आरक्षित किया गया है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए महना, सुलतानपुर, सेमरा, बैसड़ा-2 और राजापुर-1 आंगनबाड़ी केंद्रों पर एक-एक पद निर्धारित किया गया है। अरसहनी आंगनबाड़ी केंद्र का पद अनारक्षित श्रेणी में रखा गया है।
विभागीय विज्ञप्ति के अनुसार आंगनबाड़ी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 21 सितंबर 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक आवेदन कर सकती हैं। आवेदन केवल विभागीय पोर्टल upanganwadibharti.in के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले भर्ती से संबंधित पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी अच्छी तरह जांच लें।
इन पदों पर आवेदन के लिए केवल महिला अभ्यर्थियों को पात्र माना गया है। आवेदक की आयु 1 जुलाई 2026 को न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष होनी चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी का संबंधित ग्रामसभा का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। यानी जिस आंगनबाड़ी केंद्र के लिए आवेदन किया जा रहा है, उससे संबंधित ग्रामसभा की स्थायी निवासी महिला ही पात्र होगी।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पदों पर चयन इंटरमीडिएट में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार होने वाली मेरिट सूची के अनुसार किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान अपनी शैक्षिक योग्यता और अन्य जरूरी प्रमाणपत्र ऑनलाइन अपलोड करने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आवेदन में गलत, भ्रामक या अधूरी जानकारी मिलने पर अभ्यर्थी का आवेदन निरस्त किया जा सकता है। भर्ती से जुड़े विस्तृत नियम, पात्रता, आरक्षण और अन्य जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है। UP News:
विज्ञापन