अमेठी में जनगणना-2027 की तैयारी तेज। 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्वगणना होगी, जबकि 1 दिसंबर से प्रगणक घर-घर पहुंचेंगे। जानें 40 सवालों और SE ID से जुड़ी पूरी जानकारी।

UP News : जनगणना-2027 को लेकर अमेठी में तैयारियां तेज हो गई हैं। अब नागरिकों को अपने परिवार का विवरण दर्ज कराने के लिए पहले से तैयारी करनी होगी। जनगणना के दूसरे चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्वगणना की सुविधा मिलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या की गणना करेंगे। इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।
मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने बताया कि नागरिक निर्धारित पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्वगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाली स्वगणना आईडी (SE ID) को सुरक्षित रखना जरूरी होगा। घर-घर गणना के दौरान प्रगणक के मांगने पर यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिससे दर्ज विवरण के सत्यापन में मदद मिलेगी। UP News
जनगणना के दौरान निर्धारित 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। ऐसे में नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे अपने और परिवार के सदस्यों से संबंधित जरूरी विवरण पहले से व्यवस्थित रखें, ताकि ऑनलाइन जानकारी भरने में परेशानी न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना में सही, स्पष्ट और पूर्ण जानकारी देना बेहद महत्वपूर्ण है। UP News
सीडीओ पूजा साहू ने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है। इससे मिलने वाले आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और संसाधनों के बेहतर नियोजन में उपयोगी होते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सही जानकारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से निर्धारित समयसीमा में स्वगणना पूरी करने और घर पहुंचने वाले प्रगणकों को सहयोग देने की अपील की। UP News
प्रेस वार्ता के दौरान मास्टर ट्रेनर दिवाकर मिश्रा ने मीडिया प्रतिनिधियों को ऑनलाइन पोर्टल पर स्वगणना की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने विवरण दर्ज करने, पोर्टल का उपयोग करने और स्वगणना आईडी प्राप्त करने की जानकारी दी। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों के सवालों के जवाब भी दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से जनगणना के व्यापक प्रचार-प्रसार की अपील की, ताकि जिले के प्रत्येक नागरिक तक सही जानकारी पहुंच सके और गणना का कार्य व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से पूरा हो। प्रेस वार्ता में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, जिला सूचना अधिकारी शिवदर्शन यादव सहित विभिन्न समाचार पत्रों और न्यूज चैनलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। UP News
विज्ञापन