अमेठी के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में जिलाधिकारी के अचानक पहुंचने से स्कूल प्रशासन अलर्ट हो गया। निरीक्षण के दौरान पढ़ाई से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक कई अहम पहलुओं पर नजर डाली गई। जानिए पूरी खबर।

UP News : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बेटियों की शिक्षा और आवासीय सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने भेटुआ स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा नौ और दस की छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई का स्तर परखा। डीएम ने छात्राओं से गणित के सवाल पूछे और अंग्रेजी में प्रार्थना पत्र लिखने की जानकारी भी ली। साथ ही उन्हें मेहनत और लगन से पढ़ाई कर बेहतर भविष्य बनाने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर छात्राओं से पढ़ाई से जुड़े सवाल किए। उन्होंने गणित के प्रश्न पूछकर उनकी समझ और शैक्षणिक तैयारी का जायजा लिया। इसके अलावा अंग्रेजी में प्रार्थना पत्र लिखने की जानकारी लेकर भाषा संबंधी दक्षता भी परखी। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन करने और शिक्षा के माध्यम से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया। UP News
डीएम ने विद्यालय की लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और छात्राओं को नियमित रूप से किताबें पढ़ने की आदत विकसित करने की सलाह दी। कंप्यूटर लैब में सभी कंप्यूटर संचालित मिले। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित पीरियड में छात्राओं को व्यावहारिक कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाए। इसके साथ ही खेलकूद और अन्य पाठ्येतर गतिविधियां भी नियमित रूप से आयोजित कराई जाएं। UP News
जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर में पहुंचकर भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्राओं को निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा पेयजल व्यवस्था, शयनकक्षों और विद्यालय परिसर की स्वच्छता का भी जायजा लिया। UP News
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की वार्डन पूनम सिंह ने छात्राओं की सुविधा को देखते हुए एक अतिरिक्त शौचालय निर्माण की आवश्यकता बताई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी को आवश्यक आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण संबंधी आगे की कार्रवाई की जा सके। UP News
जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि छात्राओं की शिक्षा की गुणवत्ता के साथ-साथ खानपान, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और आवासीय सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी भेटुआ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। UP News
विज्ञापन