अमेठी में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत पुलिस ने सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 22 बंडल तार, 80 हजार रुपये नकद, पिकअप वाहन और चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं।

UP News : उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी के तारों के 22 बंडल, 80 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल पिकअप और चोरी करने के उपकरण बरामद किए गए हैं। जांच में सोलर प्लांट से तार चोरी करने के साथ ट्रांसफार्मर से बाइंडिंग तार चुराने की घटना भी सामने आई है। UP News
अमेठी पुलिस के अनुसार, जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भाले सुल्तान शहीद स्मारक पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 10 अक्टूबर को पिकअप वाहन के साथ सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने पुलिस कार्यालय के सभागार में मामले का खुलासा किया। कार्रवाई क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। UP News
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में नेवादा स्थित सोलर प्लांट से तार चोरी करने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोप है कि गिरोह ने पहले प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और वहां तक पहुंचने के रास्तों की जानकारी जुटाई। इसके बाद 29 सितंबर की रात तार चोरी किए। पुलिस का कहना है कि चोरी किए गए तारों से प्लास्टिक हटाकर तांबा निकाला गया और उसे कबाड़ी को 80 हजार रुपये में बेच दिया गया। UP News
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 2 अक्टूबर को कथित तौर पर सोलर प्लांट से फिर तार चोरी किए और उन्हें एक खेत में छिपा दिया। 10 अक्टूबर को आरोपी दोबारा चोरी करने के इरादे से एकत्र हुए थे। इसी दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब बरामद तारों और अन्य सामान के संबंध में मामले की जांच कर रही है। UP News
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मार्च महीने में जामो थाना क्षेत्र के जामो-वारिसगंज मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर से बाइंडिंग तार चोरी करने की घटना का भी खुलासा हुआ है। आरोप है कि इस वारदात के दौरान ट्रांसफार्मर का तेल मौके पर गिर गया था। चोरी किए गए तारों को कबाड़ी के यहां 27 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है। पुलिस इन घटनाओं के संबंध में आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। UP News
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवपूजन निषाद, सुशील निषाद, प्रेमलाल निषाद, अनिल निषाद, विश्राम निषाद उर्फ किन्ना, कौशलदीप निषाद और राजेश निषाद के रूप में बताई है। सभी आरोपी अमेठी और सुलतानपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। UP News
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से तारों के 22 बंडल और 80 हजार रुपये नकद के अलावा वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन बरामद किया गया है। मौके से प्लास, तार काटने वाला कटर, आरी के ब्लेड, पेचकस, छेनी और रिंच सहित अन्य उपकरण भी मिले हैं। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी की घटनाओं की जांच को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। फिलहाल मामले में बरामदगी, आरोपियों की भूमिका और संबंधित घटनाओं के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। UP News
विज्ञापन