अमेठी में चीनी की बढ़ती कीमतों के बीच प्रशासन ने बड़े गोदामों पर छापेमारी कर स्टॉक की जांच की। 4000 कुंतल से अधिक स्टॉक पर कार्रवाई की चेतावनी।

UP News: चीनी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए उत्तर प्रदेश के अमेठी में जिला प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। शासन के निर्देश पर तहसील अमेठी क्षेत्र में बड़े चीनी व्यापारियों के गोदामों और थोक प्रतिष्ठानों पर संयुक्त टीम ने छापेमारी कर स्टॉक की जांच की।
राजस्व, विपणन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर गोदामों में रखी चीनी का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेख और अन्य जरूरी दस्तावेजों की भी जांच की गई। जांच में दोनों गोदामों पर चीनी का स्टॉक निर्धारित मानक के अनुरूप पाया गया। UP News:
अधिकारियों ने चीनी कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण न किया जाए। प्रशासन ने विशेष रूप से चेतावनी दी है कि चार हजार कुंतल से अधिक चीनी का स्टॉक पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों को स्टॉक का नियमित और नियमानुसार रखरखाव करने के साथ-साथ खरीद-बिक्री से जुड़े सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। UP News:
क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हरिश्चंद्र प्रजापति ने बताया कि चीनी की बढ़ती कीमतों को देखते हुए तहसील अमेठी क्षेत्र के दो बड़े गोदामों पर छापेमारी कर स्टॉक का सत्यापन किया गया। दोनों स्थानों पर चीनी की उपलब्ध मात्रा निर्धारित मानक के अनुरूप मिली। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के अन्य बड़े व्यापारियों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि वे तय सीमा से अधिक चीनी का भंडारण न करें। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
चीनी के दाम बढ़ने के बीच प्रशासन ने बाजार में जमाखोरी और कालाबाजारी पर निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई कारोबारी कृत्रिम रूप से चीनी की कमी पैदा कर कीमतों में बढ़ोतरी करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की छापेमारी से बड़े चीनी कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में भी बड़े गोदामों और थोक व्यापारियों के यहां स्टॉक की जांच जारी रहेगी। UP News:
विज्ञापन