यहां एक प्रेमी ने कथित तौर पर बेवफाई के शक में अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए महिला के शव को पंखे से लटकाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान महिला की बेटी मौके पर पहुंच गई।

UP News : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्रेमी ने कथित तौर पर बेवफाई के शक में अपनी प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए महिला के शव को पंखे से लटकाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान महिला की बेटी मौके पर पहुंच गई। बेटी के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और भाग रहे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान मेरठ के माधवपुरम निवासी नुरुद्दीन के रूप में हुई है। UP News
पुलिस जांच के अनुसार मुरादाबाद जिले के बिलारी क्षेत्र के सहसपुर गांव निवासी शमा परवीन का कुछ समय पहले अपने पति महबूब अली से तलाक हो गया था। इसके बाद वह अपने बेटे तौहीद के साथ अमरोहा के जोया कस्बे के मोहल्ला इकबाल नगर प्रथम में किराये के मकान में रहने लगी थी। शमा की बेटी नेहा की शादी भी इसी इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक करीब छह महीने पहले शमा की मुलाकात मेरठ के माधवपुरम निवासी नुरुद्दीन से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद नुरुद्दीन का शमा के घर आना-जाना शुरू हो गया था। पुलिस के मुताबिक नुरुद्दीन शुक्रवार को जोया पहुंचा था और शमा के घर पर ही रुका था। शनिवार रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद नुरुद्दीन ने शमा का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने वारदात को छिपाने के लिए शव को पंखे से लटकाने की कोशिश की, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे। इसी दौरान शमा की बेटी नेहा अचानक घर पहुंच गई। मां को संदिग्ध हालत में देखकर उसने शोर मचा दिया। UP News
नेहा की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरा देख आरोपी भागने लगा और दीवार फांदकर फरार होने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। परिजन शमा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के बेटे तौहीद की शिकायत पर पुलिस ने नुरुद्दीन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पकड़े जाने के बाद आरोपी ने दावा किया कि वह शमा से प्यार करता था, लेकिन उसे शक था कि वह उसके साथ बेवफाई कर रही है। इसी शक के चलते उसने यह कदम उठाया। UP News
विज्ञापन