उत्तर प्रदेश के शामली में हुए अंकित बालियान हत्याकांड का मामला एक बार फिर से गरमाया हुआ है। अंकित बालियान हत्याकांड में दो शातिर शूटरों के एनकाउंटर के बाद बालियान खाप के चौधरी एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए है । जानिए मामले का ताजा अपडेट।

UP News : उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी सिंगर एवं अभिनेता अंकित बालियान की हत्याकाण्ड का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता जा रहा है। हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दो कथित शूटरों सुमित और मोहित को मुठभेड़ में ढेर किए जाने के बाद भी अंकित का परिवार पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। परिवार का साफ कहना है कि जब तक हत्याकांड से जुड़े सभी आरोपियों और साजिशकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक इंसाफ अधूरा है। इसी बीच बालियान खाप के चौधरी एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत भी इस मामले में सक्रिय हो गए हैं। चौधरी नरेश टिकैत बालियान खाप के मुखिया है। इस नाते उनकी बड़ी जिम्मेदारी बनती है कि वे उत्तर प्रदेश के अंकित बालियान हत्यकांड को पूरी तरह से खुलवाने, सुलझाने तथा अंजाम तक पहुंचाने में लग गए हैं। चौधरी नरेश बालियान अपने स्वर्गीय पिता चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के मार्ग पर चलते हुए इस मामले को बड़ी शालीनता तथा गंभीरता से सुलझाने में लगे हुए हैं । UP News
उत्तर प्रदेश के शामली में हुए अंकित बालियान हत्याकांड में मारे गए प्रसिद्ध हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी पहले ही पुलिस-प्रशासन को कड़ा अल्टीमेटम दे चुके थे। उन्होंने कहा था कि यदि हत्याकांड का खुलासा नहीं हुआ तो परिवार और समर्थक आंदोलन की रणनीति तैयार करेंगे। 2 सितंबर 2026 ( बुधवार ) को अंकित बालियान की तेरहवीं के मौके पर भी परिवार की नाराजगी सामने आई। दो कथित शूटरों के एनकाउंटर के बाद सतबीर फौजी ने कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार और पुलिस पर भरोसा है, लेकिन इंसाफ अभी आधा हुआ है। उनकी मांग है कि हत्या में शामिल बाकी आरोपियों को भी पकड़ा जाए और पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया जाए। अंकित बालियान के पिता इससे पहले यह भी कह चुके हैं कि वह अपने बेटे का खून मिट्टी में नहीं मिलने देंगे और जरूरत पड़ी तो अपने फौजी साथियों के साथ न्याय की लड़ाई लड़ेंगे। UP News
अंकित बालियान की तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा में बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत भी पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देने के साथ ही पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए। बालियान खाप के चौधरी एवं भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत का कहना है कि पुलिस को केवल वाहवाही लूटने की बजाय आरोपियों से पूछताछ करनी चाहिए थी, ताकि यह पता चल सके कि हत्या के पीछे कौन लोग हैं और पूरी साजिश किसने रची। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस स्थान पर अंकित की हत्या हुई, उससे करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ही कथित बदमाशों को पकड़कर एनकाउंटर कर दिया गया। नरेश टिकैत ने साफ कहा कि यदि आरोपी पकड़े जाते और उनसे पूछताछ होती तो हत्याकांड के पीछे के अन्य लोगों तथा इस पूरी साजिश की जानकारी सामने आ सकती थी। UP News
2 सितंबर 2026 को बंतीखेड़ा में हुई अंकित बालियान की तेरहवीं और श्रद्धांजलि सभा में नरेश टिकैत ने कहा कि यह बेहद दुख की घड़ी है और इस समय राजनीति नहीं होनी चाहिए। हालांकि उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि अपराध कम नहीं हो रहा है और व्यापारी भी परेशान हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर जगह मौजूद नहीं रह सकते, लेकिन व्यवस्था के स्तर पर कहीं न कहीं कमी है। उन्होंने यह भी कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष को गलत तरीके से नहीं फंसाया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के मुताबिक अंकित की शोक सभा के दौरान नरेश टिकैत ने शामली के एसपी एनपी सिंह से भी बातचीत की। पुलिस की ओर से उन्हें एनकाउंटर की कार्रवाई और उससे जुड़े घटनाक्रम के बारे में जानकारी दी गई। एसपी की ओर से यह भी बताया गया कि अंकित के परिवार की ओर से पुलिस की कार्रवाई को लेकर संतुष्टि जताई गई है। यानी एक तरफ पुलिस का दावा है कि हत्याकांड में शामिल दो शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है, वहीं दूसरी ओर नरेश टिकैत जैसे किसान नेता यह सवाल उठा रहे हैं कि अगर आरोपियों को जिंदा पकड़ा जाता तो हत्याकांड के पीछे के नेटवर्क का और बड़ा खुलासा हो सकता था। अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस ने अब तक दो कथित शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक इनकी पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है। दोनों कथित तौर पर सोनीपत क्षेत्र से जुड़े बताए गए हैं। मामले में दो अन्य कथित शूटर अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें दिल्ली और दूसरे राज्यों में दबिश दे रही हैं। फरार दोनों आरोपियों पर इनाम बढ़ाकर एक-एक लाख रुपये किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
इस पूरे हत्याकांड में कुख्यात गोगी गैंग के कथित कनेक्शन की भी जांच चल रही है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए हत्या की जिम्मेदारी लिए जाने का दावा सामने आया था, हालांकि पुलिस ने सोशल मीडिया के दावे को अपने आप में अंतिम प्रमाण नहीं माना है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और कथित शूटरों को किसने निर्देश दिए थे। जांच में जेल में बंद गैंग से जुड़े लोगों से पूछताछ और डिजिटल कड़ियों को भी खंगाले जाने की बात सामने आई है। अंकित बालियान हत्याकांड में अब सबसे बड़ा सवाल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कथित मास्टरमाइंड तक पुलिस के पहुंचने का है। परिवार की मांग है कि केवल दो शूटरों के एनकाउंटर से मामला खत्म न किया जाए, बल्कि हत्या की पूरी साजिश का पर्दाफाश किया जाए। वहीं नरेश टिकैत के सक्रिय होने से यह मामला अब केवल एक परिवार के न्याय की लड़ाई तक सीमित नहीं रह गया है। बालियान खाप और किसान संगठनों की गतिविधियों पर भी नजर बनी हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में यदि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी होती है या हत्याकांड के कथित मास्टरमाइंड का नाम सामने आता है तो मामले में बड़ा खुलासा हो सकता है। फिलहाल अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी की मांग साफ है सभी हत्यारों और साजिशकर्ताओं पर कार्रवाई हो, तभी परिवार को पूर्ण न्याय मिलेगा। वहीं नरेश टिकैत ने भी पुलिस कार्रवाई, खासकर एनकाउंटर को लेकर सवाल उठाकर इस मामले को एक नया मोड़ दे दिया है।
विज्ञापन